‘मैंने अपने जीवन में इतना अटपटा कुछ नहीं देखा, इतना भद्दा कुछ नहीं देखा, इन्हें किसने जन्म दिया, इन्हें कौन पाल-पोस रहा है?. ये तो गटर वाली पीढ़ी है. ये लड़कियां तो गृहिणी तक नहीं बन सकती हैं. यह शब्द अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत के हैं. उन्होंने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन पर निशाना साधा है. कंगना रनौत के इस बयान के बाद सियासी बवाल हो गया है. कांग्रेस ने कंगना के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कंगना के बयान को कोई गंभीरता से नहीं लेता है. वहीं AIMIM नेता वारिस पठान ने मंडी से बीजेपी सांसद कंगना से तुरंत माफी की मांग की है. दरअसल, कंगना ने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक के बाद एक कई स्टोरी शेयर की थी. जिसमें उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर CJP प्रोटेस्ट के दौरान वायरल हुए रील्स और वीडियो की भाषा पर नाराजगी जताई है. कंगना ने लिखा कि इन वीडियो रील्स को देखकर वह खुद की शांति के लिए सोशल मीडिया से दूर रहेंगी.
ऐसा व्यवहार कहां से सीख रहे हैं: कंगना
कंगना रनौत ने प्रदर्शनकारियों के पालन-पोषण पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा ‘मैंने अपनी पूरी जिंदगी में कभी भी एक जगह पर इतना अटपटा और इतना भद्दा कुछ नहीं देखा. GEN-Z के विरोध प्रदर्शनों की रील्स देखकर मैं हैरान रह गईं और बहुत बुरा भी लग रहा है. क्योंकि जिस तरह की भाषा का यह इस्तेमाल कर रहे हैं, वह बहुत ही असभ्य है. इन्हें किसने जन्म दिया और पाल-पोस रहा है?. मुझे समझ नहीं आता कि लोग इस तरह की सोच और व्यवहार कहां से सीख रहे हैं, हमारा भारत हमेशा से विविधता, सुंदरता, संस्कृति और शालीनता के लिए जाना जाता है. मगर कोई अपमानजनक नामों से पुकारते हैं और उसी तरह का व्यवहार करता तो यह हमारी संस्कृति की गरिमा से बिल्कुल अलग दिखने लगता है.’
‘ये लड़कियां तो गृहिणी भी नहीं बन सकतीं’
कंगना ने प्रदर्शन के दौरान लड़कियों की कुछ वायरल रील्स पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्हें ‘गटर पीढ़ी’ लिखा ‘ये भारतीय लड़कियां कथित तौर पर पश्चिमी सभ्यता प्रभावित हैं, यह न तो पढ़ाई-लिखाई में अच्छी हैं और न ही इनमें इतने शालीन संस्कार हैं कि यह भविष्य में एक अच्छी गृहिणी बन सके. यह लड़कियां बिना किसी जवाबदेही के ही स्वतंत्र रूप से जीने का ढोंग करती हैं, अपनी तथाकथित आजादी के नाम पर नशीली दवाओं, शराब के सेवन को गर्व से सोशल मीडिया पर पोस्ट करती हैं. ये लड़कियां बिना मेहनत कामकाजी महिलाओं की नकल कर रही हैं, जिससे वे न तो पारिवारिक कर्तव्यों के लायक बची हैं और न ही किसी जिम्मेदारी के योग्य’ कंगना ने कहा ‘सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं प्रदर्शनकारियों की रील्स देखकर मैं मानसिक रूप से इतनी परेशान हो गई हूं कि अब ‘डिजिटल डिटॉक्स’ की सख्त जरूरत महसूस हो रही है.’
पेपर लीक बिल पीएम के संकल्प को दिखाता है: कंगना
कंगना रनौत ने पेपर लीक बिल संसोधन पर भी बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा ‘हमारे प्रधानमंत्री ने देश और लोगों के हित में छोटी से छोटी और बड़ी से बड़ी हर समस्या को हल करने के अपने संकल्प से दुनिया के सामने एक बेहतरीन मिसाल पेश की है. सरकार ने इस मामले की जांच करने और परीक्षा प्रणाली को भ्रष्टाचार-मुक्त बनाने के लिए एक उच्च-स्तरीय समिति बनाई है. इस संशोधन बिल को लाना प्रधानमंत्री के संकल्प को दिखाता है. UPA सरकार के समय शिक्षा का बजट बहुत कम था. आज विपक्ष की आलोचना उनकी निराशा को दिखाती है.’
कंगना के बायन पर विपक्षी नेताओं का पलटवार
कंगना के बयान पर सियासी बवाल होता दिख रहा है. विपक्षी दलों की तरफ से उनके बयान पर पलटवार किया गया है और भाजपा सांसद से तुरंत माफी की मांग की है. कांग्रेस सांसद सैयद नसीर हुसैन ने कहा ‘उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता, उन्हें छात्रों के आंदोलन का और छात्रों के हितों का कुछ पता नहीं है. उन्हें लोकतंत्र का कोई ज्ञान नहीं है.’
वहीं कंगना रनौत के बयान पर AIMIM नेता वारिस पठान ने भी निशाना साधते हुए कहा ‘अगर कंगना रनौत ने ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया है, तो यह बहुत निंदनीय है. उन्हें ऐसी बातें करने की आदत हो गई है. उन्हें पूरी Gen-Z से माफी मांगनी चाहिए.



















