समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोटबंदी के दौरान जन्मे बच्चे खजांची का 10वां जन्मदिन मनाया. इस मौके पर उन्होंने बीजेपी और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा. अखिलेश यादव ने नोटबंदी को भ्रष्टाचार का महासागर बताते हुए कहा कि इस फैसले से किसी को फायदा नहीं हुआ, बल्कि छोटे दुकानदारों को नुकसान हुआ और कई कारखाने अब तक उससे उबर नहीं पाए हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी को खजांची को गोद लेना चाहिए, जैसे उसके सांसदों ने गांवों को गोद लिया था.
अखिलेश यादव ने कहा कि खजांची की पढ़ाई-लिखाई और उसकी जरूरतों का इंतजाम समाजवादी पार्टी कर रही है. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था की बात करते हैं, वे एक छोटे बच्चे का जन्मदिन तो मना ही सकते हैं, लेकिन बीजेपी ने आज तक खजांची का जन्मदिन नहीं मनाया.
‘बीजेपी का एक दशक नाकामयाबी का’
अखिलेश यादव ने कहा, ‘धनतेरस, दिवाली, गोवर्धन पूजा और भैया दूज, सभी से मिलने का मौका मिल रहा है… आज अबुल कलाम आजाद को याद करने का दिन भी है… संघर्ष के उस दौर में ऐसे नेता थे, जो भारत का विभाजन नहीं चाहते थे… उनमें से एक अबुल कलाम आजाद थे.’ उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी खजांची का जन्मदिन पहले दिन से मनाती आ रही है. अखिलेश ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा, ‘बीजेपी ने आज तक खजांची का जन्मदिन नहीं मनाया… सच्चाई तो ये है कि बीजेपी को खजांची को गोद लेना चाहिए, जैसे इनके सांसदों ने गांव को गोद लिया था, लेकिन गांव को गोद लेने के बाद अनाज छोड़ दिया.’
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी का एक दशक नाकामयाबी का रहा है. उन्होंने कहा कि जो लोग एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी की बात करते हैं, वे एक छोटे बच्चे का जन्मदिन भी मना सकते हैं.
नोटबंदी को लेकर बीजेपी पर हमला
नोटबंदी के दौरान पैदा हुए खजांची का जन्मदिन मनाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि नोटबंदी के समय सरकार की ओर से किए गए दावों में से एक भी दावा पूरा नहीं हुआ. उन्होंने आरोप लगाया कि नोटबंदी देश के इतिहास का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार साबित हुई. इस फैसले का सबसे ज्यादा नुकसान गरीबों और छोटे कारोबारियों को उठाना पड़ा. अखिलेश ने सवाल उठाया कि आखिर दो हजार रुपये का नोट बंद करने की जरूरत क्यों पड़ी? उन्होंने कहा कि नोटबंदी के नाम पर बैंकों को डुबाने का काम किया गया. सरकार ने जिस उद्देश्य के साथ नोटबंदी लागू की थी, उसका कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया. उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के दावे पर भी सवाल उठाए. अखिलेश के मुताबिक, विकसित भारत का दावा महज जुमला है और देश की अर्थव्यवस्था को लेकर सरकार के दावों तथा जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है.
‘नोटबंदी स्लो पॉइजन की तरह काम करती रही’
नोटबंदी को लेकर अखिलेश यादव ने अमेरिका का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एक समय बैंकों से लोगों का भरोसा उठ गया था और लोग अपना पैसा छिपाकर रखने लगे थे… उस समय राष्ट्रपति ने लोगों से अपील की कि वे अपना पैसा बैंकों में जमा करें, ताकि समाज और देश की अर्थव्यवस्था को फायदा हो… लोगों ने भरोसा जताया और पैसा बैंकों में जमा किया, जिसका असर अर्थव्यवस्था पर पड़ा. इसके उलट भारत में नोटबंदी का फैसला लिया गया.
अखिलेश ने कहा, ‘हमारे यहां उल्टा हुआ… बैंकों को डुबाने के लिए नोटबंदी की गई.. बीजेपी का यह फैसला भ्रष्टाचार का महासागर साबित हुआ.’ उन्होंने कहा कि नोटबंदी से किसी को फायदा नहीं हुआ… यह स्लो पॉइजन की तरह काम करती रही… छोटे दुकानदारों को नुकसान हुआ, नोटबंदी की वजह से तालेबंदी हुई और कई कारखाने अब तक उससे उबर नहीं पाए हैं.
‘नोटबंदी के बाद नकदी का चलन 70 फीसदी बढ़ा’
अखिलेश यादव ने नोटबंदी के उद्देश्य पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि जिस लक्ष्य को लेकर नोटबंदी की गई थी, उसके उलट नकदी का चलन 70 प्रतिशत बढ़ गया. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी ने बैंकिंग व्यवस्था को सूदखोरी से भी ज्यादा खराब बना दिया. उनके मुताबिक, नोटबंदी के बाद बैंक बंद हुए और कुछ बैंकों को बेचना भी पड़ा. सपा प्रमुख ने कहा कि बीजेपी 2047 तक विकसित भारत बनाने की बात कर रही है, लेकिन नोटबंदी के एक फैसले ने अर्थव्यवस्था को पीछे धकेल दिया.
1.27 करोड़ वोट कटने के दावे पर अखिलेश ने दिया सुझाव
उत्तर प्रदेश में SIR के बाद 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने के दावे को लेकर भी अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि अगर सरकार को लगता है कि 1.27 करोड़ वोट कट गए हैं तो समाजवादी पार्टी पहले भी जो सुझाव देती रही है, उसे लागू करना चाहिए. अखिलेश ने सुझाव दिया कि वोटर कार्ड को आधार से लिंक किया जाए और मतदाताओं का बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जाए. उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म से जुड़ी कंपनियों की मदद लेकर इस दिशा में काम किया जा सकता है.
‘अब लड़ाई 80 और 20 की नहीं, 95 और 5 की है’
अखिलेश यादव ने कहा कि अब लड़ाई 80 और 20 की नहीं, बल्कि 95 और 5 की है. उन्होंने कहा कि अगर लड़ाई 95 और 5 की होगी तो बीजेपी के लोगों का पता नहीं चलेगा कि वे कहां गए. इस दौरान अखिलेश ने भ्रष्टाचार को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में सरकार बड़ी जानकारी रखती है, लेकिन साढ़े 17 हजार करोड़ रुपये के ठेके हुए हैं, उसके भ्रष्टाचार पर सरकार कुछ नहीं बोल रही है.
















