छतरपुर: छतरपुर से एक बेहद ही सनसनीखेज मामला सामने आय़ा है। जिले के मातगुवां थाना क्षेत्र के पिपौरा गांव में एक ही परिवार की तीन बच्चियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से हड़कंप है। तीनों सगी बहनों की मौत के बाद परिजनों ने शवों को दफना दिया था। शनिवार को कलेक्टर मृणाल मीणा के निर्देश पर पुलिस-प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और दफन शवों को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की। एक साथ तीन बच्चियों की मौत से गांव में सनसनी और परिवार में मातम पसरा है।
मृतकों की पहचान बालमुकुंद कुशवाहा की बेटियों पूनम कुशवाहा (9), मनीषा (5) और चाहत कुशवाहा (9 माह) के रूप में हुई है। बालमुकुंद की पांच बेटियां हैं, जिनमें तीन की मौत हुई है। फिलहाल बच्चियों की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
रात में परिवार ने खाया था बैंगन का भरता और रोटी..
सीएमएचओ डॉ. आरपी गुप्ता के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में परिवार में 10 से 15 सदस्य और करीब 7 से 8 बच्चे हैं। शुक्रवार रात घर में बैंगन का भरता और रोटी बनी थी। परिवार के सदस्यों ने खाना खाया और सो गए। हालांकि 9 माह की चाहत ने खाना नहीं खाया था। उसे उसकी मां ने दूध पिलाया था।
सुबह उल्टी के बाद बिगड़ी तबीयत, दो बच्चियों की अस्पताल में मौत..
परिजनों के मुताबिक रात करीब 3 बजे एक बच्ची उठी और शौच के बाद दोबारा सो गई। सुबह करीब 7 बजे बच्चे उठे और चाय पी। इसके बाद बच्ची को उल्टी हुई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसकी मौत हो गई। इसके बाद सुबह करीब 8:45 बजे दूसरी बच्ची की तबीयत बिगड़ी और उसे भी उल्टी हुई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उसकी भी मौत हो गई।
9 माह की बच्ची को पहले झाड़-फूंक के लिए ले गए..
तीसरी बच्ची 9 माह की चाहत ने रात में खाना नहीं खाया था। मां ने उसे दूध पिलाया था। अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन पहले उसे झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए। इसके बाद अस्पताल ले जाते समय गांव से करीब दो किलोमीटर दूर रास्ते में ही बच्ची ने दम तोड़ दिया।
दफन शव निकलवाकर जांच, कई विभागों की टीम पहुंची..
तीनों बच्चियों की मौत के बाद परिजनों ने शवों को दफना दिया था। सूचना मिलने के बाद मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे, तहसीलदार दुर्गेश तिवारी, ईसानगर थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह राजपूत, सीएमएचओ डॉ. आरपी गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग, राजस्व, पुलिस और एफएसएल की टीमें मौके पर पहुंचीं।
प्रशासन की मौजूदगी में तीनों बच्चियों के शवों को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम कराया गया है। एफएसएल और खाद्य विभाग की टीम ने घर में बने भोजन के सैंपल भी लिए हैं।
बिसरा सैंपल भी जांच के लिए भेजा जाएगा..
सीएमएचओ डॉ. आरपी गुप्ता ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर बीएमओ, डीआईओ और फूड इंस्पेक्टर सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची है। पुलिस, राजस्व और फॉरेंसिक टीम भी अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के साथ बच्चियों के बिसरा सैंपल लिए जाएंगे, जिन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा।
मौत की वजह अभी रहस्य, रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा..
मातगुवां थाना प्रभारी अंकुर चौबे के मुताबिक तीन बच्चियों की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। परिजनों ने बच्चियों को दफना दिया था। अब शव निकलवाकर मेडिकल जांच कराई जा रही है। फिलहाल मौत की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम, बिसरा और भोजन के सैंपल की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।



















