Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल के बहजोई क्षेत्र में रविवार सुबह ट्रक की जोरदार टक्कर लगने से ऑटो सवार 5 लोगों की मौत हो गई तथा 6 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने एक न्यूज एजेंसी को बताया कि मुरादाबाद-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर बम्नेटा गांव के पास एक ऑटो में कुछ लोग जा रहे थे तभी अचानक सामने एक गाड़ी आ जाने से ऑटो अनियंत्रित होकर सामने आ रहे ट्रक से टकरा गया। उन्होंने बताया कि हादसे में ऑटो चालक सौदान सिंह (40), रुवैद (30), ध्रुव (छह), सरवाध्या (चार माह) तथा एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस घटना में 6 अन्य लोग जख्मी हो गए, जिन्हें उपचार के लिए चंदौसी, संभल और मुरादाबाद के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना की व्यक्त की और अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।



















