दक्षिण भारतीय सिनेमा की लोकप्रिय अभिनेत्री नयनतारा एक बार फिर देवी ‘मूकुथी अम्मन’ के किरदार में नजर आएंगी. 2020 में इसी नाम की फिल्म में इस भूमिका को निभाने के बाद अब नयनतारा ‘महाशक्ति’ के साथ इस किरदार में वापसी कर रही हैं. फिल्म का टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसमें नयनतारा के किरदार की पहली झलक देखने को मिली है. ‘महाशक्ति’ का निर्देशन सुंदर सी. ने किया है. टीजर में फिल्म की कहानी को लेकर बहुत ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन इसमें रहस्य, भव्य दृश्य और बड़े स्तर पर तैयार किए गए कई दृश्य दिखाई देते हैं.
2020 में रिलीज हुई ‘मूकुथी अम्मन’ में नयनतारा ने देवी की भूमिका निभाई थी. फिल्म में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक मुद्दों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया था. अब ‘महाशक्ति’ में उनकी वापसी ने उस फिल्म के प्रशंसकों की उत्सुकता बढ़ा दी है. हालांकि नई फिल्म की कहानी और पुराने किरदारों से इसके संबंध को लेकर फिलहाल निर्माताओं ने ज्यादा जानकारी साझा नहीं की है.
अन्य कलाकार
फिल्म में नयनतारा के साथ रेजिना कैसांद्रा, योगी बाबू और ऊर्वशी समेत कई कलाकार नजर आएंगे. ‘महाशक्ति’ का निर्माण डॉ. ईश्वरी के. गणेश ने वेल्स फिल्म इंटरनेशनल के बैनर तले किया है. अवनी मीडिया, आईवीवाई एंटरटेनमेंट और राउडी पिक्चर्स भी इसके निर्माण से जुड़े हैं.
फिल्म को कई भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी है. ‘महाशक्ति’ नवंबर में हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में सिनेमाघरों में आएगी. उत्तर भारत में इसके वितरण की जिम्मेदारी एए फिल्म्स के पास है.



















