देहरादून: राज्यसभा में उत्तराखंड से भी एक सीट नवंबर माह में रिक्त हो रही है। छह अक्टूबर तक नामांकन होने हैं। इससे पहले प्रत्याशी का ऐलान होगा। इसके लिए भाजपा प्रदेश संगठन की और से 15 नामों की सूची भेज दी गई है। अब हाईकमान को प्रत्याशी के नाम का ऐलान करना है।
विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भाजपा किसी ऐसे चेहरे को राज्यसभा भेजने पर विचार करेगी, जो सभी समीकरणों पर फिट बैठेंगे। अभी उत्तराखंड से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट जो कि गढ़वाल से ब्राह्रमण चेहरा हैं और कल्पना सैनी जो कि हरिद्वार से संबंध रखती हैं और अन्य पिछड़ा वर्ग से आती हैं। अब तीसरा चेहरा कौन होगा। इस पर आने वाले दिनों में फैसला होगा। माना जा रहा है कि इस बार कोई चौंकाने वाला चेहरा हो सकता है।
कौन जाएगा राज्यसभा?
इधर भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी राम माधव, दो सह प्रभारियों एवं प्रदेश संगठन महामंत्री फणींद्रनाथ शर्मा के साथ दो दिवसीय दौरे पर दो अक्टूबर को उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। तीन अक्टूबर को प्रदेश भाजपा एवं पुष्कर सिंह धामी सरकार के साथ बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति पर मंथन होगा। इस दौरान भी राज्यसभा को लेकर चर्चा हो सकती है।
जिन नामों पर चर्चा हो रही है उनमें पूर्व सीएम तीरथ सिंह रावत, पूर्व सीएम डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक, वर्तमान में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। इसके अलावा अनिल गोयल, मदन कौशिक, ज्योति प्रसाद गैरोला, बलराज पासी, केदार जोशी, बलवंत सिंह भौंर्याल आदि कई नाम लिए जा रहे हैं।
हालांकि पार्टी सूत्रों का दावा है कि कुछ नाम ऐसे भी हैं जो कि राजनीति से हटकर हैं। जिन पर पार्टी हाईकमान ही अंतिम निर्णय लेगी।गढ़वाल, कुमाऊं, ब्राह्रमण, ठाकुर और ओबीसी इन सभी समीकरणों को ध्यान में रखकर ही नए चेहरे का चयन होगा। खासकर विधानसभा चुनाव को देखकर भी राज्यसभा प्रत्याशी का नाम फाइनल होगा।



















