गुजरात – वाव-थराद जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पर एक शख्स ने अपने दो साल के बेटे पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। इस शख्स की पत्नी इसे छोड़कर चली गई थी और तब से बच्चे की जिम्मेदारी उसी के पास आ गई थी। इसी दौरान बच्ची की परवरिश से तंग आकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया और बच्चे पर पेट्रोल उडेल कर उसे जिंदा जला दिया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बुधवार को इस बारे में जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार को जिले के सुइगाम तालुका में हुई। वारदात के बाद आरोपी अशोक रावल को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में FIR दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
तीन महीने पहले पत्नी चली गई थी मायके
FIR के अनुसार, पति-पत्नी के बीच झगड़े के बाद रावल की पत्नी अपने मायके चली गई थी और वह पिछले तीन महीनों से सुइगाम में अपने बेटे के साथ रह रहा था। पुलिस ने FIR का हवाला देते हुए बताया कि रावल कथित तौर पर बच्चे की परवरिश अकेले नहीं करना चाहता था। इसी वजह से बच्चे को बोझ समझते हुए उसने उस पर पेट्रोल डाला और आग लगा दी।
पहले जलाया, फिर खुद अस्पताल लेकर पहुंचा
उधर वाव-थराद के पुलिस अधीक्षक सी.जे. तेरैया ने PTI को बताया कि आरोपी पिता ने बच्चे को आग लगाने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।



















