उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्धनगर जिले के ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा में शनिवार को एक ही परिवार के पांच लोगों की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आया है। मृतक महेश के साले की पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने उसकी शिकायत पर महेश की दो बहनों और एक बहनोई के खिलाफ प्रताड़ना के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक महेश ने मौत से पहले अपने फोन में वॉइस नोट रिकॉर्ड किया था। इस रिकॉर्डिंग में महेश ने अपनी दो बहनों और एक बहनोई को परिवार की मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था। मामले में पुलिस ने मृतक महेश की बड़ी बहन, बहनोई और छोटी बहन को रविवार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में शेखर उर्फ चंद्रशेखर (50), उसकी पत्नी सुनीता (45), दोनों निवासी शालीमार गांव, दिल्ली और सपना (32), निवासी खेड़ा कला, दिल्ली शामिल हैं। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। मामले में साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



















