जम्मू। जम्मू में सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी के खिलाफ विदेशी खुफिया एजेंसियों से संपर्क रखने और देश की सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा करने के आरोप में जम्मू के गांधी नगर पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है।
आरोपित महिला की पहचान तेलंगाना के सिकंदराबाद निवासी पलपार्थी नागा अनघा लक्ष्मी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला सतवारी सैन्य क्षेत्र में आई हुई थी।
गांधी नगर थाने में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने इस मामले में गांधी नगर थाने में आफिशियल सीक्रेट्स एक्ट, डिजिटल/इलेक्ट्रानिक माध्यम से देश की महत्वपूर्ण जानकारी लीक करने, षड्यंत्र में शामिल होने का मामला दर्ज किया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, एक विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद महिला की गतिविधियां संदेह के घेरे में आईं। आरोप है कि वह देश की सुरक्षा से संबंधित संवेदनशील दस्तावेज, तस्वीरें और इलेक्ट्रानिक डाटा एकत्र करने, अपने पास रखने और उन्हें आगे भेजने में शामिल थी।
विदेशों में जानकारी पहुंचाने का शक
संदेह जताया गया है कि यह जानकारी एन्क्रिप्टेड संचार (आन लाइन) माध्यमों के जरिए चीन सहित अन्य विदेशी देशों से जुड़ी खुफिया एजेंसियों के लोगों तक पहुंचाई जा रही थी।
हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कौन से दस्तावेज या जानकारियां साझा की गईं, विदेशी संपर्कों की पहचान क्या है और कितनी जानकारी स्थानांतरित की गई। इस मामले में किसी विदेशी खुफिया नेटवर्क की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।



















