कुल्लू (शम्भू): विश्व प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट बीड़-बिलिंग से उड़ान भरने वाले एक पैराग्लाइडर के कुल्लू की बर्फीली पहाड़ियों में दुर्घटनाग्रस्त होने का मामला सामने आया है। हादसे के बाद पायलट अत्यधिक ऊंचाई और भारी बर्फ के बीच फंस गया है। प्रशासन और पुलिस द्वारा पायलट को सुरक्षित निकालने के लिए रैस्क्यू ऑप्रेशन तेज कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, घटना की सूचना गत मध्य रात्रि करीब 12:20 बजे कुल्लू कंट्रोल रूम को दी गई। वरुण सिंह नामक एक व्यक्ति ने प्रशासन को अलर्ट करते हुए बताया कि उनके मित्र और पैराग्लाइडर पायलट गौतम कुमार भारती उड़ान के दौरान कुल्लू की एक पहाड़ी पर फंस गए हैं। फंसा हुआ पायलट शिवजी राम का पुत्र है और खैरा कुंजी, जिला दरभंगा, बिहार (847101) का मूल निवासी है।
राहत की बात यह है कि फंसे हुए पायलट के साथ रेडियो के माध्यम से संपर्क स्थापित है। पायलट गौतम कुमार भारती ने अपने जीपीएस निर्देशांक कंट्रोल रूम को भेजे हैं, जो 32°07′25″ एन (अक्षांश) और 76°58′05.6″ ई (देशांतर) हैं। इससे बचाव दल को उनकी सटीक लोकेशन मिल गई है। हालांकि, पायलट जिस स्थान पर फंसा है, वह क्षेत्र अत्यधिक ऊंचाई पर स्थित है और वहां भारी मात्रा में बर्फ मौजूद है।
पहाड़ी की भौगोलिक स्थिति, अत्यधिक ऊंचाई और भारी बर्फ को देखते हुए जमीनी स्तर से रेस्क्यू करना अत्यंत चुनौतीपूर्ण है। ऐसे में पायलट को जल्द से जल्द सुरक्षित निकालने के लिए हेलीकॉप्टर के माध्यम से एयरलिफ्ट किए जाने की आवश्यकता जताई गई है। कुल्लू पुलिस ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि पायलट को सुरक्षित निकालने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और रैस्क्यू की आगे की कार्रवाई युद्धस्तर पर जारी है।



















