गुजरात के सूरत शहर में रविवार (18) को एक व्यक्ति ने कथित तौर पर संपत्ति विवाद को लेकर अपनी मां और छोटे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस उपायुक्त कनन देसाई ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी श्रीनिवास (40) को घटना के कुछ ही घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया. यह घटना रविवार सुबह करीब साढ़े सात बजे शहर के लिंबायत इलाके की सहजानंद सोसाइटी में हुई.
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान मल्लेश्वरी गोडुरु और उनके सबसे छोटे बेटे राजू के रूप में हुई है. परिवार मूल रूप से तेलंगाना का है और सूरत में रह रहा था. पुलिस के अनुसार, मल्लेश्वरी गोडुरु की तीन दुकानों से मिलने वाले किराये और संपत्ति के बंटवारे को लेकर परिवार में विवाद था. इन दुकानों से हर महीने करीब 60,000 रुपये किराया मिलता है.
मल्लेश्वरी अपने छोटे बेटे को देती थी दुकान से मिला किराया
मल्लेश्वरी अपने छोटे बेटे राजू के साथ रहती थीं और उसे दुकानों का किराया देती थीं. बताया जाता है कि उनके इस फैसले से उनका बड़े बेटा श्रीनिवास नाराज रहता था. परिजनों के अनुसार, श्रीनिवास संपत्ति और किराये की रकम में अपने, राजू और एक अन्य भाई रमेश के बीच बराबर बंटवारा चाहता था.
संपत्ति के बंटवारे को लेकर 2 साल से चल रहा था विवाद- डीसीपी
डीसीपी देसाई ने कहा, ‘‘संपत्ति के बंटवारे को लेकर पिछले दो साल से विवाद चल रहा था और इसे सुलझाने के लिए बैठकें भी हुई थीं. मल्लेश्वरी ने फिलहाल संपत्ति का बंटवारा नहीं करने और इसके बजाय अपने सबसे छोटे बेटे को किराये की रकम देने का फैसला किया था, जिसके साथ वह रहती थीं.’’
आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
DCP ने आगे बताया कि इस व्यवस्था को लेकर नाराज श्रीनिवास रविवार सुबह घर पहुंचा और कथित तौर पर चाकू से अपनी मां तथा छोटे भाई पर हमला कर दिया. हमले में दोनों को जानलेवा चोटें आईं. अधिकारी ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और श्रीनिवास से पूछताछ की जा रही है.



















