वाराणसी में भारतीय वायु सेना के 94वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में राफेल, सुखोई, मिराज-2000, मिग-29, जगुआर, अपाचे और चिनूक जैसे विमान व हेलीकॉप्टर आसमान में अपना दमखम दिखा रहे हैं. 22 अक्टूबर को शुरू हुए दिवसीय आयोजन में कुल 100 एयरक्राफ्ट शामिल हो रहे हैं. इनमें 52 लड़ाकू विमान, 15 परिवहन विमान, 32 हेलीकॉप्टर और एक विरासत विमान शामिल है.
25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस आयोजन में शामिल हुए और उन्होंने रोड शो किया. वाराणसी पहुंचे पीएम मोदी का काफिला पुलिस लाइन से चौकाघाट होते हुए नमो घाट के लिए रवाना हुआ. लोगों में उनका दीदार करने के लिए काफी उत्साह रहा. प्रधानमंत्री ने लोगों के उत्साह को देखकर अपनी कार रुकवाई और बाहर निकल कर हाथ हिलाते हुए अभिवादन किया.
एयर शो को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यापक तैयारी की थी. पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था में 11,500 से अधिक जवान तैनात हैं और 200 सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रख रहे हैं.
30 जोन और 50 से अधिक सेक्टर में बांटा गया जिला
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने एबीपी लाइव को बताया कि एयर शो को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले को 30 जोन और 50 से अधिक सेक्टर में बांटा गया. सुरक्षा के मद्देनजर 11,500 से अधिक जवानों की तैनाती की गई.
आयोजन के दौरान करीब 50 लाख लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इंतजाम किए गए. भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए थाने अथवा पुलिस केंद्र बनाए गए. रविवार को नमो घाट एयर शो का प्रमुख केंद्र रहा. यहीं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भारतीय सेना के वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य ने हवाई प्रदर्शन को देखा.
12 एयरबेस से विमानों ने भरी उड़ान
एयर शो में चेन्नई और ग्वालियर समेत देश के 12 एयरबेस से विमानों ने उड़ान भरी. काशी में पहली बार इतने बड़े स्तर पर हवाई प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें लड़ाकू विमानों से लेकर परिवहन विमानों और हेलीकॉप्टरों तक की भागीदारी रही.
एयर शो में राफेल, मिराज-2000, सुखोई, मिग-29 और जगुआर जैसे लड़ाकू विमान शामिल हुए. इनके साथ अपाचे और चिनूक हेलीकॉप्टरों के अलावा सी-295, सी-17 और सी-130 जैसे परिवहन विमानों ने भी अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया.
आसमान में दिखी काशी की सांस्कृतिक पहचान
इस एयर शो में सैन्य विमानों के प्रदर्शन के साथ काशी की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान की झलक भी देखने को मिली. आयोजन के दौरान आसमान में महादेव, नटराज, कैलाश, विश्वनाथ, त्रिदेव, वरुणा, हनुमान, ओंकार, भागीरथी, काशी और रुद्र जैसे नामों पर आधारित फॉर्मेशन बनाए गए.



















