पटियाला: पटियाला-राजपुरा हाईवे स्थित धरेड़ी जट्टां टोल प्लाजा पर एक कार चालक की लापरवाही और बेरहमी का मामला सामने आया है। टोल पर बैरियर तोड़कर निकलने की कोशिश में चालक ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कर्मचारी कार के बोनट पर जा गिरा, लेकिन चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। वह कर्मचारी को करीब 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया।
कुछ दूरी पर कर्मचारी सड़क पर गिर पड़ा, जबकि चालक कार लेकर मौके से फरार हो गया। इस घटना में टोलकर्मी अमनदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
CCTV फुटेज में कैद हुई पूरी घटना
टोल प्लाजा पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज में कार के बैरियर से टकराने और कर्मचारी के बोनट पर गिरने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि कर्मचारी ने कार को रोकने की कोशिश की थी, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका। इसके बाद वह घायल कर्मचारी को कुछ दूरी तक घसीटता ले गया।
कार चालक की पहचान में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने टोल प्लाजा की CCTV फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस कार के नंबर और चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। फिलहाल चालक की पहचान और उसकी गिरफ्तारी को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।



















