मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक महिला की शिकायत की जांच कर रहे उप निरीक्षक को फोन पर उससे अश्लील बातें करने और आपत्तिजनक संदेश भेजने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी अधिकारी की पहचान ललन कुमार के रूप में हुई है। वह मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाने में तैनात था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, महिला की शिकायत के संबंध में नगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-2 (टाउन SDPO-2) ने एक आवेदन सौंपा था। उच्च स्तरीय जांच में पाया गया कि आरोपी अधिकारी ने अपने पद का दुरुपयोग किया और महिला शिकायतकर्ता के प्रति उसका आचरण ‘अशोभनीय और संदिग्ध’ था।
बयान के अनुसार, एसडीपीओ के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा सौंपे गए सबूतों का सत्यापन किया गया, जिनमें फोन पर बातचीत का विवरण और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी शामिल थी। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है।



















