तमिलनाडु के जेल की सुरक्षा में बड़ी चूक की घटना हुई है। थेनी उप-जेल में बंद सत्रह कैदी सोमवार देर रात एक पुलिसकर्मी पर कथित तौर पर हमला करने के बाद फरार हो गए। अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक कैदी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी फरार कैदियों को पकड़ने के लिए 17 विशेष टीमें गठित की गई हैं।
गिरफ्तारी के लिए गहन जांच
घटना के बाद सुरक्षा दल वाहनों की गहन जांच कर रही है। डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस जयकुमार ने बताया कि एहतियात के तौर पर पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 स्थानों पर चेक पोस्ट स्थापित किए गए हैं
थेनी जिला जेल में तैनात द्वितीय श्रेणी के पुलिसकर्मी थंगापांडी को इस घटना में सिर में चोट आई और उन्हें जी विलाक्कू स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, दो अन्य जेल पुलिसकर्मियों को भी मामूली चोटें आईं।
पड़ोसी जिले को अलर्ट किया
इस घटना के बाद, पड़ोसी जिलों की पुलिस को सतर्क कर दिया गया और उन्हें हाई अलर्ट पर रखा गया। घटना की जानकारी इडुक्की, मदुरै और दिंडीगुल जिलों की पुलिस को दी गई, जबकि फरार आरोपियों की पहचान में सहायता के लिए उनकी तस्वीरें पुलिस अधिकारियों के बीच वितरित की गईं।
मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है। पुलिस शेष फरार कैदियों का पता लगाने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास जारी रखे हुए है।
एक ही कोठरी में बंद थे कैदी
पुलिस के अनुसार, सभी 17 आरोपी एक ही कोठरी में बंद थे। आरोप है कि जब जेल कर्मियों को सूचना मिली कि एक कैदी की तबीयत खराब है, तो वे कोठरी में दाखिल हुए और उन्होंने जेल से भागने से पहले उन पर हमला किया। जेल की सुरक्षा में चूक की इस घटना ने तमिलनाडु सरकार के सामने कई सवाल खड़े किए हैं। सवाल उठ रहा है कि क्या इसमें किसी की साजिश भी है?



















