चार राज्यों बिहार, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र में विधान परिषद की 28 सीटों के लिए आज मतगणना जारी है। इन चुनावों में सत्तारूढ़ एनडीए और विपक्षी गठबंधन के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल रही है। आज शाम तक सभी सीटों के नतीजे सामने आने की उम्मीद है।
बिहार की 8 सीटों पर वोटों की गिनती जारी है। इनमें 4 स्नातक और 4 शिक्षक क्षेत्र से हैं। स्नातक क्षेत्र में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी की सीटें हैं, जबकि शिक्षक क्षेत्र में पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण की सीटें शामिल हैं।
कर्नाटक में 4 सीटों पर मतगणना जारी है। इनमें दो सीटें स्नातक और दो सीटें शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की हैं। महाराष्ट्र में 5 सीटों के नतीजे आने हैं, जिनमें 3 स्नातक और 2 शिक्षक क्षेत्र की सीटें हैं। स्नातक क्षेत्र में औरंगाबाद, पुणे और नागपुर डिवीजन की सीटें शामिल हैं।
यूपी की 11 विधान पार्षद सीटों पर मतगणना जारी है । इनमें 5 सीटें स्नातक और 6 सीटें शिक्षक क्षेत्र की हैं। स्नातक क्षेत्र में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी डिवीजन की सीटें हैं। शिक्षक क्षेत्र में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद डिवीजन की सीटें शामिल हैं।
पटना में काउंटिंग सेंटर के बाहर हंगामा
पटना में काउंटिंग सेंटर के बाहर हंगामा हुआ है। काउंटिंग सेंटर से एक कर्मचारी फाइलों का बंडल लेकर बाहर आ रहे थे। उसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और फाइलें खोलने की मांग करने लगे। काफी देर तक धक्का-मुक्की और कहासुनी के बाद वहां मौजूद लोगों ने फाइलों के बंडल खोल दिए। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। इस दौरान कुछ लोगों ने फर्जी वोट के नारे भी लगाए।
आगरा में सपा प्रत्याशी ने लगाए आरोप
सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने आगरा निर्वाचन क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी पर जानकारी नहीं देने का आरोप लगाया है। आकाश अग्रवाल ने कहा कि जब उन्होंने मतपत्रों पर पीठासीन अधिकारी के हस्ताक्षर नहीं होने का मुद्दा उठाया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अगर कोई गड़बड़ी सामने आती है, उदाहरण के लिए, अगर फॉर्म 16 में मतदाताओं की एक निश्चित संख्या बताई गई है, लेकिन मतपेटी में 250 के बजाय 400 मतपत्र मिलते हैं तो तय प्रक्रिया के अनुसार ऐसे मतपत्रों को अलग रख दिया जाना चाहिए।
मेरठ में निर्दलीय प्रत्याशी की पुलिस से नोकझोंक, दरोगा से बोले- औकात में रहो
मेरठ के मतगणना केंद्र में मोबाइल लेकर जाने को लेकर विक्रांत वशिष्ठ और पुलिसकर्मी में नोकझोंक हो गई। बताया जा रहा है कि नेता ने दारोगा से औकात में रहने की बात बोल दी। विक्रांत वशिष्ठ निर्दलीय प्रत्याशी हैं। वह काउंटर सेंटर के अंदर मोबाइल ले जाना चाहते थे पर पुलिस ने मना कर दिया।
अनंत सिंह के घर के बाहर जश्न की तैयारी
मोकामा से विधायक व बाहुबली अनंत सिंह के घर के बाहर जश्न की तैयारी चल रही है। अनंत सिंह ने इस चुनाव में जन सुराज के एमएलसी उम्मीदवार अनुज सिंह के लिए प्रचार किया था। अब उन्हें अनुज सिंह की जीत की उम्मीद है।



















