VIRAL VIDEO: पंजाब के फरीदकोट में महज 7 रुपये के लॉटरी टिकट ने एक गरीब मजदूर परिवार को रातों-रात अमीर तो बना दिया, लेकिन तकनीकी रूप से वे करोड़पति नहीं बन पाएंगे. कोटकपूरा की रहने वाली बिमला देवी ने सिक्किम स्टेट लॉटरी में एक करोड़ रुपये का बंपर इनाम जीता है. हालांकि, आयकर नियमों के चलते उनके बैंक खाते में पूरी राशि नहीं आएगी. लॉटरी की जीत पर लगने वाले फ्लैट 30 फीसदी टैक्स, सरचार्ज और सेस के गणित के कारण उनके इनाम से 34.32 लाख रुपये कट जाएंगे. टैक्स कटौती के बाद परिवार को करीब 65.68 लाख रुपये ही मिलेंगे.
महज 7 रुपये ने बदली मजदूर परिवार की किस्मत
बिमला देवी के पति दिहाड़ी मजदूरी करते हैं. बुधवार शाम को बिमला देवी रेलवे स्टेशन के पास बाजार में कुछ सामान खरीदने गई थीं. वहां एक स्टॉल देखकर उनके मन में विचार आया और उन्होंने सिर्फ सात रुपये में सिक्किम स्टेट लॉटरी का एक टिकट खरीद लिया. गुरुवार शाम को जब नतीजे आए, तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई. जिस टिकट को उन्होंने सिर्फ 7 रुपये में खरीदा था, उस पर एक करोड़ रुपये का बंपर इनाम निकला था. दुकानदार का भी कहना है कि उनकी दुकान से निकला यह अब तक का सबसे बड़ा इनाम है. परिवार में जश्न का माहौल है और वे इस पैसे से बच्चों का भविष्य संवारने और खुद का काम शुरू करने की तैयारी में हैं.
सुनने में तो यही लगता है कि परिवार रातों-रात करोड़पति बन गया, लेकिन हकीकत में ऐसा नहीं है. बिमला देवी के हाथ में एक करोड़ में से करीब 65.68 लाख रुपए ही आएंगे. बाकी के 34.32 लाख रुपये भारत सरकार के खाते में सीधे टैक्स के रूप में चले जाएंगे.
समझिए लॉटरी पर लगने वाले टैक्स का नियम
आयकर कानून के मुताबिक, लॉटरी, गेम शो या सट्टेबाजी से जीती गई रकम को ‘आकस्मिक आय’ (Casual Income) माना जाता है. इस पर इनकम टैक्स एक्ट के सेक्शन 115BB के तहत टैक्स वसूला जाता है, जिसके नियम आम कमाई से बिल्कुल अलग हैं. लॉटरी की रकम पर सामान्य टैक्स स्लैब (जैसे 5 या 7 लाख रुपये तक की छूट) लागू नहीं होता. साथ ही, इसमें सेक्शन 80C (LIC, PPF) या 80D (हेल्थ इंश्योरेंस) के तहत मिलने वाली किसी भी छूट का फायदा नहीं मिलता. ऐसी कमाई पर पहले ही रुपए से सीधा 30 फीसदी फ्लैट टैक्स लगता है, जो एक करोड़ पर 30 लाख बनता है. चूंकि इनाम की रकम 50 लाख रुपए से ज्यादा है, इसलिए इस टैक्स के ऊपर 10% सरचार्ज (3 लाख रुपये) और फिर कुल टैक्स पर 4% हेल्थ एंड एजुकेशन सेस (1.32 लाख रुपये) भी जुड़ता है.



















