जन सुराज पार्टी के डिजिटल मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव बरवादाग की झाड़ियों में मिला. रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस से संदिग्ध हालत में हुए थे लापता. पुलिस गहन जांच में जुटी.
अनगड़ा(रांची). जनशताब्दी एक्सप्रेस (रांची-पटना) से लापता हुए जन सुराज पार्टी के डिजिटल मीडिया मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार को अनगड़ा थाना क्षेत्र के बरवादाग के पास झाड़ियों से बरामद किया गया. यह घटना संदिग्ध परिस्थितियों में हुई. झाड़ियों में शव मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. पुलिस हत्या या दुर्घटना सहित सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है.
26 अक्टूबर को ट्रेन से हुए थे लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 26 अक्टूबर को कुशीनगर (यूपी) निवासी 31 वर्षीय देवपालिक गुप्ता अपने साथियों के साथ रांची से पटना जाने के लिए जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार हुए थे. दोपहर करीब 3 बजे मुरी स्टेशन से पहले वे ट्रेन के पेंट्री कार की ओर गए, जिसके बाद से वे रहस्यमय तरीके से गायब हो गए थे. उनके अचानक लापता होने के बाद परिजनों और साथियों ने आरपीएफ व जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई थी. साथ ही, उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए थे.
लापता युवक की तलाश में जुटी थी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस भी सक्रिय हो गई थी. अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार ने लापता युवक की जानकारी देने या उसे ढूंढने में मदद करने वाले को 10 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा भी की थी.
बरवादाग की झाड़ियों में मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
मंगलवार को बरवादाग के पास झाड़ियों में शव मिलने की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया. शव की बरामदगी के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है. पुलिस हत्या या दुर्घटना सहित सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से छानबीन कर रही है. थाना प्रभारी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस अनुसंधान के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.



















