टोलेडो- स्पेन में बुधवार को बड़ा रेल हादसा हो गया जब दो हाई-स्पीड ट्रेनें आमने-सामने टकरा गईं. यह दुर्घटना राजधानी मैड्रिड को देश के दक्षिणी अंदालूसिया क्षेत्र से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रेल मार्ग पर हुई. स्पेन मीडिया के अनुसार अभी तक इस घटना में कम से कम 46 लोगों की मौत हो गई है. रेल नेटवर्क संचालक एडिफ ने हादसे की पुष्टि करते हुए दुर्घटना के बारे मने बताया है.
टक्कर इतनी भीषण थी कि कई डिब्बों को नुकसान पहुंचा और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे के तुरंत बाद बचाव दल और आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं. अधिकारियों ने राहत कार्य शुरू कर दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
दूर तक बिखरा मलबा
इस घटना में अभी तक कई लोगों के घायल होने की खबर सामने आई है. स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है. हादसा उस समय हुआ जब 146 यात्रियों को लेकर जा रही एक इर्यो (Iryo) ट्रेन की टक्कर 397 यात्रियों से भरी रेन्फे (Renfe) ट्रेन से हो गई.

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रेनों को भारी नुकसान पहुंचा और कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और तस्वीरों में हादसे की भयावहता साफ दिखाई दे रही है, जहां ट्रेनों का मलबा दूर-दूर तक बिखरा नजर आ रहा है. दुर्घटना के बाद राहत और बचाव दलों को मौके पर भेजा गया और घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया.



















