कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक ही परिवार के सात सदस्यों की हत्या का मामला सामने आया है। पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने दो दिनों के भीतर अपने घर में सात लोगों की हत्या कर दी और कुछ शवों को अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगा दिया। आरोप है कि हत्याएं करने के बाद आरोपी ने कुछ शवों को चिक्काबल्लापुर जिले में अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया। राजाजीनगर पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। उत्तरी बेंगलुरु के पुलिस उपायुक्त (DCP) ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है।
सिलबट्टे से सिर कुचला, कौन-कौन बना शिकार?
पुलिस की शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी ने हत्याओं को अंजाम देने के लिए रसोई में इस्तेमाल होने वाले भारी सिलबट्टे का इस्तेमाल किया। मारे गए लोगों की पहचान आरोपी की पत्नी सुनीता, सास रूपवती, दो साले शिवकुमार और शंकर, रूपवती की बहुएं दिव्या और नलिनी एवं शिवकुमार के सात साल के बेटे पुनीत के रूप में हुई है।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, शेखर और सुनीता की शादी को लगभग 20 साल हो चुके थे। कुछ समय से दोनों के बीच घरेलू विवाद चल रहा था। बताया जाता है कि सुनीता के परिवार वाले अक्सर उनके झगड़ों में दखल देते थे और सुनीता का पक्ष लेते थे। शेखर को लगता था कि उसकी पत्नी का परिवार उसके वैवाहिक जीवन में दखल दे रहा है, इसी वजह से उसने इन लोगों को अपना निशाना बनाने की योजना बनाई।
एक-एक करके सबकी हत्या कर दी
पुलिस सूत्रों के अनुसार, दो दिनों के भीतर शेखर ने अलग-अलग बहाने बनाकर सभी को राजाजीनगर स्थित अपने घर पर बुलाया। उसने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की और फिर अपनी सास को निशाना बनाया। इसके बाद उसने अपने दो सालों शिवकुमार और शंकर को पार्टी के बहाने अपने घर बुलाया और मौका पाकर उसने उनके सिर पर भारी सिलबट्टा दे मारा, जिससे दोनों की मौत हो गई। इसके बाद उसने दिव्या, नलिनी और 7 साल के पुनीत की भी बेरहमी से हत्या कर दी।
गुमशुदगी की शिकायत से खुला कत्ल का राज
इस वारदात का खुलासा तब हुआ जब परिवार की एक बहू नलिनी की मां ने कई दिनों तक अपनी बेटी का कोई सुराग न मिलने पर श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत मिलने पर जब पुलिस ने जांच शुरू की और परिवार के फोन रिकॉर्ड खंगाले तो शेखर की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जब श्रीरामपुरा और राजाजीनगर पुलिस ने शेखर को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने सातों हत्याएं करने की बात कबूल कर ली।
नंदी हिल्स के पास मिला बच्चे का शव, बाकी की तलाश जारी
हत्याओं को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने की नीयत से आरोपी ने शवों को शहर से लगभग 60-70 किलोमीटर दूर चिक्काबल्लापुर जिले के सुनसान जंगलों और घाटियों में ठिकाने लगा दिया। पुलिस ने चिक्काबल्लापुर के मशहूर पर्यटन स्थल नंदी हिल्स के पास से 7 साल के पुनीत का शव बरामद कर लिया है। आरोपी अभी पुलिस की हिरासत में है और बाकी छह शवों को खोजने के लिए पुलिस की टीमें कई चिन्हित जगहों पर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।



















