Swine Flu Symptoms: बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम, बुखार और शरीर में दर्द जैसी परेशानियों को नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. ये स्वाइन फ्लू के लक्षण भी हो सकते हैं. मऊ के केसरी राज हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. सुमन्त कुमार गुप्ता ने इस बीमारी से बचाव और सावधानियों के बारे में जानकारी दी है.
डॉ. सुमन्त कुमार गुप्ता के मुताबिक, स्वाइन फ्लू एक वायरस जनित बीमारी है. इसके प्रमुख लक्षणों में सर्दी-जुकाम, बुखार और पूरे शरीर में दर्द शामिल हैं. कुछ बच्चों में डायरिया जैसी परेशानी भी शुरू हो सकती है.
चिकित्सक बताते हैं कि स्वाइन फ्लू में समय पर इलाज न मिलने पर स्थिति गंभीर हो सकती है. इसलिए लक्षण दिखाई देने पर योग्य चिकित्सक से संपर्क करके इलाज शुरू कराना जरूरी है.
डायबिटीज और हाइपरटेंशन से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों को भी संक्रमण के लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए.
स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए मास्क का इस्तेमाल करें. समय-समय पर हाथों को साफ करें और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें. डॉक्टर ने समय पर वैक्सीनेशन कराने की भी सलाह दी है.
डॉक्टर के मुताबिक, बीमारी के दौरान ताजे फल, हरी सब्जियां और पर्याप्त पानी का सेवन करना चाहिए. खानपान का ध्यान रखने से शरीर को जरूरी पोषण मिलता है.
स्वाइन फ्लू के दौरान तेल युक्त चीजों का अधिक सेवन न करें. बासी खाना और काफी देर पहले काटकर रखे गए फलों को खाने से बचने की सलाह दी गई है.



















