Dhanteras Planet Remedies: हिंदू धर्म में धनतेरस का विशेष धार्मिक महत्व है. धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि के साथ मां लक्ष्मी और कुबेर देव की भी पूजा की जाती है. शाम को यमराज के निमित्त दीपदान करने की परंपरा भी है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस के दिन सोना, चांदी, बर्तन और अन्य नई वस्तुएं खरीदना शुभ माना जाता है. ज्योतिष शास्त्र में धनतेरस के दिन 5 चीजों के खरीदने का विशेष महत्व बताया गया है…
Dhanteras Planet Remedies: आज देशभर में धनतेरस का पर्व मनाया जा रहा है और इसी के साथ पंच दिवसीय दीपावली महापर्व की शुरुआत हो गई है. महापर्व के पहले दिन धनतेरस, दूसरे दिन छोटी दिवाली, तीसरे दिन लक्ष्मी-गणेश पूजन, चौथे दिन गोवर्धन और पांचवे दिन भाई दूज का पर्व मनाया जाता है. धनतेरस यानी धन्वंतरि त्रयोदशी का त्योहार सुख-समृद्धि, आरोग्य और खुशहाली का प्रतीक है. यह पर्व हर साल कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है. मान्यता है कि इस दिन शुभ मुहूर्त में की गई खरीदारी और पूजा घर में सालभर बरकत बनाए रखती है. लेकिन खरीदारी करते समय सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि किसी भी तरह की समस्या ना हो. प्रयागराज की प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य शिप्रा सचदेव ने धनतेरस पर क्या करें और क्या ना करें, इसके बारे में विस्तार से जानकारी दी है…
ज्योतिषाचार्य शिप्रा सचदेव ने कहा है कि धनतेरस के दिन सुबह से ही खरीदारी की जा सकती है. इस बार पूरे दिन खरीदारी का शुभ योग बन रहा है. सिर्फ सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक के समय को छोड़कर खरीदारी करनी चाहिए. इसके अलावा संपूर्ण दिन खरीदारी के लिए शुभ है. उन्होंने कहा कि धनतेरस पर पांच चीजें अवश्य खरीदकर घर लानी चाहिए. सबसे पहले झाड़ू, दूसरी चीज नमक, तीसरी धनिया, चौथी हल्दी और पांचवीं धातु से बनी कोई भी वस्तु. इन पांच चीजों का धार्मिक और ज्योतिषीय महत्व है.
शिप्रा सचदेव ने बताया कि झाड़ू राहु का प्रतीक होता है. यह घर से नकारात्मकता को दूर करता है और मां लक्ष्मी का सूचक माना जाता है. झाड़ू खरीदने से राहु संतुलित होता है और घर में अच्छी ग्रोथ आती है. इसलिए धनतेरस पर झाड़ू जरूर लाना चाहिए.
नमक शनि का प्रतीक होता है. यह नकारात्मकता को दूर करता है और घर में किसी भी चीज की कमी नहीं होने देता. मान्यता है कि धनतेरस पर नमक खरीदने से शनि की शुभ दृष्टि बनी रहती है.
धनिया बुध और भगवान गणेश का प्रतीक है. इससे घर में सुख, समृद्धि, वैभव और बुद्धि का विकास होता है. जब हमारी बुद्धि सही रहती है, तो जीवन के सभी कार्य सही ढंग से पूरे होते हैं. इसलिए धनतेरस पर धनिया खरीदना अत्यंत शुभ माना गया है.
हल्दी गुरु का प्रतीक है और भगवान विष्णु को समर्पित मानी जाती है. इससे घर में धन-धान्य की कभी कमी नहीं होती और बीमारियों से मुक्ति मिलती है. इसलिए धनतेरस पर हल्दी अवश्य लेकर आनी चाहिए.
शिप्रा सचदेव ने कहा कि अन्य चीजें समय के साथ खराब हो जाती हैं, लेकिन धातु लंबे समय तक चलती है और कभी खराब नहीं होती. इसलिए सोना, चांदी, तांबा या पीतल से बनी कोई भी वस्तु अवश्य खरीदनी चाहिए, ताकि बरकत हमेशा जीवन में बनी रहे
आज शाम को पूजा का शुभ मुहूर्त 6 बजकर 2 मिनट से शुरू होकर 7 बजकर 58 मिनट तक रहेगा. इस समय पूजा करना सबसे उत्तम रहेगा. इस दौरान भगवान धन्वंतरि की पूजा अवश्य करनी चाहिए, ताकि निरोगी काया मिले और घर में किसी को लंबे समय से चली आ रही बीमारी से मुक्ति मिले.
आज धनतेरस के दिन यम दीपक जलाने का विशेष महत्व है. इसके लिए आप शाम के समय चौमुखी दीपक जलाकर मुख्य द्वार पर दक्षिण दिशा की ओर मुख करके जरूर जलाएं. इससे घर में सकारात्मक ऊर्जा आती है और मां लक्ष्मी का वास होता है.



















