नयी दिल्ली- बाबा नीब करौरी के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ आगामी 27 नवंबर को डिजिटल प्लेटफॉर्म सोनी लिव पर प्रसारित की जाएगी। सिनेमाघरों में 450 करोड़ रुपये से अधिक कमाने वाली इस आध्यात्मिक फिल्म के हिंदी ओटीटी और सैटेलाइट अधिकार सोनी ने खरीदे हैं। विशाल चतुर्वेदी द्वारा निर्देशित यह फिल्म संत लक्ष्मण नारायण शर्मा की जीवन यात्रा को दर्शाती है।
नीब करौरी बाबा के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित आध्यात्मिक फिल्म ‘हनुमान अंश’ 27 नवंबर को ओटीटी पर रिलीज होगी। दुनियाभर के सिनेमाघरों में 450 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करने वाली यह फिल्म ओटीटी मंच सोनी लिव पर रिलीज होगी। कम बजट की इस फिल्म को रिलीज के शुरुआती कुछ सप्ताह तक दर्शक नहीं मिले थे, लेकिन बाद में यह साल की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो गई।विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी यह फिल्म प्रसिद्ध संत बाबा नीब करौरी (नीम करौली) के जीवन पर आधारित है। उनका वास्तविक नाम लक्ष्मण नारायण शर्मा था। एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, फिल्म के हिंदी ओटीटी और सैटेलाइट अधिकार सोनी ने हासिल कर लिए हैं।
फिल्म की निर्माता, बौद्धिक संपदा (आईपी) प्रमुख और स्वयंभू मीडिया नेटवर्क की सह-संस्थापक नम्रता ने कहा, ‘हनुमान अंश’ ने सिनेमा के इतिहास में जगह बनाई है। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि ऐसी कहानी वाली बौद्धिक संपदा है, जो भाषाओं और भौगोलिक सीमाओं से परे है। उन्होंने एक बयान में कहा, हमें सोनी जैसे वैश्विक मीडिया समूह के साथ हिंदी फिल्म के लिए ऐसे संवेदनशील साझेदार मिलने की खुशी है।
फिल्म में एक ऐसे युवा लक्ष्मी नारायण की कहानी दिखाई गई है, जो अपनी मां की मृत्यु के बाद ईश्वर की तलाश में आध्यात्मिक यात्रा पर निकल पड़ता है। जीवन, मृत्यु और मानवीय पीड़ा से जुड़े सवालों के जवाब तलाशते हुए उत्तर भारत की यात्रा के दौरान वह आगे चलकर पूजनीय संत नीब करौरी बाबा बन जाते हैं। प्रेम, सेवा और करुणा की उनकी शिक्षाओं ने अनगिनत लोगों के जीवन को प्रभावित किया।



















