WhatsApp Safety Tips: आज के डिजिटल जमाने में व्हाट्सएप हमारी जिंदगी का एक काफी जरूरी हिस्सा बन चुका है. इसके बिना एक दिन भी काम चलना मुश्किल है. मैसेज से लेकर बैंक के अलर्ट, पर्सनल फोटोज और ऑफिस के जरूरी डॉक्यूमेंट्स तक सब कुछ इसी पर शेयर होता है. लेकिन जरा सोचिए अगर आपका व्हाट्सएप अकाउंट किसी दूसरे इंसान के हाथ लग जाए तो क्या होगा.
आजकल साइबर फ्रॉड और डेटा चोरी के मामले बढ़ रहे हैं उसे देखते हुए यह डर बिल्कुल जायज है. अगर कोई चुपके से आपका अकाउंट चला रहा है तो आपकी प्राइवेसी पूरी तरह खत्म हो सकती है और आपकी पर्सनल चैट लीक हो सकती है. कई बार हमें भनक तक नहीं लगती और कोई दूसरा हमारे सारे मैसेज पढ़ रहा होता है. चलिए आपको बताते हैं कि आप कैसे पता लगा सकते हैं कि आपका व्हाट्सएप कोई और तो नहीं चला रहा.
अकाउंट के इन बदलावों से लगाएं पता
जब भी कोई दूसरा इंसान किसी अनजान डिवाइस पर आपका व्हाट्सएप चलाता है. तो आपका अकाउंट खुद-ब-खुद कुछ ऐसे सिग्नल देने लगता है जिन्हें समय रहते पकड़ना बहुत जरूरी है. अक्सर लोग इन छोटी-छोटी बातों पर ध्यान नहीं देते और बाद में बड़ी मुसीबत में फंस जाते हैं. अगर आपके फोन में कोई नया मैसेज आने से पहले ही रीड यानी पढ़ा हुआ दिखने लगे यानी बिना आपके खोले ही उस पर ब्लू टिक लग जाए.
तो समझ जाइए कि अकाउंट किसी और के पास भी है. इसके अलावा अगर आपको अपनी चैट लिस्ट में कुछ ऐसी अनजान चैट्स खुली हुई मिलें जिन्हें आपने कभी छुआ तक नहीं है तो यह भी एक बड़ा खतरा है. कई बार तो ऐसा भी होता है कि आपके अकाउंट से किसी को मैसेज चला जाता है. जबकि वह आपने भेजा ही नहीं होता. अगर आपके व्हाट्सएप का बर्ताव भी कुछ ऐसा ही बदला-बदला सा लग रहा है तो आपको तुरंत अलर्ट हो जाने की जरूरत है.
व्हाट्सएप वेब की लाॅगिन चेक करें
आज के समय में किसी दूसरे के हाथ में आपका व्हाट्सएप अकाउंट जाने का सबसे आम और आसान जरिया व्हाट्सएप वेब बन चुका है. हम में से ज्यादातर लोग ऑफिस के कंप्यूटर, किसी साइबर कैफे या फिर अपने किसी दोस्त के लैपटॉप पर काम के सिलसिले में व्हाट्सएप वेब लॉगिन कर लेते हैं. यह फीचर हमारा काम तो बहुत आसान बनाता है. लेकिन हमारी एक छोटी सी भूल इसे सबसे बड़ा रिस्क भी बना देती है.
अक्सर लोग अपना काम खत्म करने के बाद कंप्यूटर से व्हाट्सएप को लॉगआउट करना भूल जाते हैं और सीधा ब्राउजर बंद करके चले आते हैं. ऐसा करने से आपका अकाउंट उस कंप्यूटर या लैपटॉप पर हमेशा के लिए एक्टिव रह जाता है. इसके बाद उस सिस्टम को इस्तेमाल करने वाला कोई भी इंसान आपकी सारी पर्सनल चैट पढ़ सकता है, आपके फोटोज डाउनलोड कर सकता है और आपके हर एक मैसेज पर चुपचाप अपनी नजर बनाकर रख सकता है.
फोन की इस सेटिंग में जाकर तुरंत चेक करें
अगर आपके मन में भी यह शक है कि कहीं कोई दूसरा तो आपका व्हाट्सएप नहीं चला रहा तो इसे चेक करने का तरीका बेहद आसान है. इसके लिए आपको किसी टेक्निकल एक्सपर्ट के पास जाने की जरूरत नहीं है बल्कि आप खुद अपने फोन से ही एक मिनट में यह पता लगा सकते हैं. सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में व्हाट्सएप ओपन करें और ऊपर कोने में दिख रहे तीन डॉट्स वाले मेनू पर क्लिक करें. यहां आपको लिंक्ड डिवाइसेज का एक ऑप्शन दिखाई देगा जिस पर आपको टैप करना है.
जैसे ही आप इस पर क्लिक करेंगे आपकी स्क्रीन पर उन सभी कंप्यूटर, लैपटॉप या ब्राउजर की पूरी लिस्ट खुलकर आ जाएगी जहां-जहां आपका व्हाट्सएप इस वक्त लॉगिन है. अगर आपको इस लिस्ट में कोई भी ऐसा डिवाइस या ब्राउजर दिखता है जिसे आप नहीं पहचानते तो तुरंत उस पर क्लिक करें और वहां से लॉगआउट का बटन दबा दें. ऐसा करते ही आपका अकाउंट दूसरे के सिस्टम से तुरंत बंद हो जाएगा.



















