जगदलपुर। दीपावली के त्योहार पर सराफा बाजार में बढ़ी भीड़ के बीच जगदलपुर में सोने के झुमकों की बड़ी उठाईगिरी का मामला सामने आया है। संजय मार्केट के पास स्थित मोती ज्वेलर्स से एक महिला करीब 1200 ग्राम सोने के झुमकों से भरा डिब्बा लेकर फरार हो गई। चोरी हुए सोने की कीमत करीब 80 से 90 लाख रुपये बताई जा रही है। महिला ने इस वारदात में अपने साथ आई एक बच्ची की मदद ली। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक, घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। उस समय दुकान में दीपावली की खरीदारी के लिए ग्राहकों की आवाजाही थी। इसी दौरान एक महिला दुकान में मौजूद थी। उसने पहले आसपास नजर दौड़ाई और फिर मौका मिलते ही सोने के झुमकों से भरा डिब्बा उठा लिया। इसके बाद उसने डिब्बा अपने साथ आई बच्ची को पकड़ा दिया। बच्ची ने उसे अपने झोले में रख लिया। कुछ ही देर में महिला और बच्ची दुकान से बाहर निकल गईं।

डिब्बा गायब होने पर खंगाले गए CCTV फुटेज

कुछ समय बाद जब दुकान में सोने का डिब्बा नहीं मिला तो संचालकों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी डिब्बे का पता नहीं चलने पर दुकान के CCTV फुटेज चेक किए गए। फुटेज में महिला की पूरी गतिविधि सामने आई। इसमें वह पहले आसपास देखती है और फिर झुमकों से भरा डिब्बा उठाकर बच्ची को देती नजर आ रही है।

इसके बाद दुकान संचालकों ने मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है। महिला और बच्ची की पहचान करने के साथ ही उनके दुकान तक पहुंचने और वहां से निकलने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है।

देखें VIDEO

शहर के दूसरे कैमरों की भी ली जा रही मदद

पुलिस दुकान के CCTV फुटेज के अलावा शहर में लगे अन्य कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाल रही है। इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात के बाद महिला और बच्ची किस रास्ते से गईं। फिलहाल दोनों की तलाश की जा रही है।

दीपावली के चलते जगदलपुर के बाजारों में इन दिनों खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में सराफा दुकान में हुई इस बड़ी वारदात ने कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। करीब 80 से 90 लाख रुपये के सोने के झुमकों की चोरी के मामले में अब पुलिस की जांच CCTV फुटेज और संदिग्धों की पहचान पर केंद्रित है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30