ऊना. हिमाचल प्रदेश में दिवाली की रात को डबल मर्डर हुआ है. घटना के बाद देर रात को ऊना जोनल अस्पताल में हंगामा भी देखने को मिला. पटाखे जलाने को लेकर सारा विवाद हुआ था. फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस थाना ऊना में दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस केस दर्ज किए गए हैं.
जानकारी के अनुसार, ऊना से 10 किमी दूर गांव बदोली की यह घटना है. रात को एक परिवार पटाखे चला रहा था. इस दौरान पड़ोसी ने इसका विरोध किया है तो दोनों में विवाद हो गया और फिर कहासुनी हो गई. इस पर पड़ोसी ने गुस्से अपनी थार निकाली और फिर पटाखे चला रहा परिवार को कुचल दिया. बाद में हादसे में घायल पति और पत्नी को ऊना अस्पताल लाया गया, जहां पर पति-पत्नी को मृत घोषित कर दिया है.
पुलिस के अनुसार, केशव ठाकुर निवासी बदोली ने शिकायत में बताया कि 8 नवंबर की रात वह अपने परिवार के साथ घर के आंगन में पटाखे चला रहा था. इसी दौरान पड़ोसी परमजीत, फतेह सिंह, अनु, तेजस्वीर सिंह और ओंकार सिंह के साथ पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई. आरोप है कि इस दौरान परमजीत ने केशव ठाकुर के सिर पर दराट से हमला किया, जबकि ओंकार सिंह ने उसके पिता जरनैल सिंह के साथ दराट से मारपीट की. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि इसके बाद जरनैल सिंह ने थार गाड़ी से ओंकार सिंह, उसकी पत्नी वीना और सुषमा देवी को टक्कर मार दी.
वहीं, दूसरे पक्ष के अजमेर सिंह निवासी बदोली ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रात करीब 9:30 बजे जरनैल सिंह उर्फ जैला अपने बेटे केशव के साथ थार गाड़ी में उनके घर के गेट के बाहर पहुंचे. आरोप है कि उन्होंने जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार में गाड़ी परिवार के सदस्यों पर चढ़ा दी. इस घटना में अजमेर सिंह, उसकी पत्नी सुषमा, बेटा ओंकार सिंह और बहू वीना देवी घायल हो गए. सभी को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ओंकार सिंह और वीना देवी को मृत घोषित कर दिया.
एसपी ऊना सचिन हीरेमठ ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बदोली में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना में दो लोगों की मौत हुई है. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस अभियोग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
उधर, आरोपी के साथ भी मारपीट की गई और अब उसे भी पीजीआई रेफर किया गया है. आरोपी भी घटना के बाद इलाज के लिए ऊना अस्पताल पहुंचा था. घटना के बाद ऊना अस्पताल में भी काफी हंगामा हुआ और अतिरिक्त पुलिस बुलानी पड़ी. फिलहाल दोनों शवों को मोर्चरी में रखा गया है और आज पोस्टमार्टम किया जाएगा.
पुलिस ने सोमवार सुबह पुलिस ने बदोली गांव के आसपास सुरक्षा बढ़ाई है और गांव को जाने वाले रोड पर घटनास्थल से एक किमी पहले नाकेबंदी की गई है. गाड़ियों की आवाजाही भी रोकी गई है. अंब-ऊना नेशनल हाईवे से करीब पांच किमी अंदर यह गांव है. बताया जा रहा है कि दोनों गुटों में पहले से भी रंजिश चल रही थी. आरोपी कार बाजार चलाता है.



















