चंडीगढ़ : हरियाणा में डेंगू के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस साल अब तक 903 मामले सामने आ चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार गत 6 अगस्त तक प्रदेश में डेंगू के केवल 105 मामले रिपोर्ट हुए थे। इस लिहाज से पिछले 3 महीनों में करीब 800 से अधिक मामले सामने आए हैं।
स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी
और चेतावनी के बावजूद आमजन द्वारा जरूरी दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किए जाने से हालात बिगड़ रहे हैं। हालांकि पिछले साल 1 जनवरी से 5 नवम्बर तक डेंगू के 1982 मामले सामने आए थे। इसकी तुलना में इस बार मामलों की संख्या लगभग आधी है।
मच्छर जनित बीमारियों को लेकर हरियाणा के डी. जी. हैल्थ डॉ. मनीष बंसल ने कहा कि विभाग बीमारियों की रोकथाम के लिए लगातार जरूरी कदम उठा रहा है। लोगों के लिएहैल्थ एडवाइजरी भी जारी की गई है। उन्होंने लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस साल सबसे ज्यादा 106 मामले पंचकूला जिले में सामने आए हैं। इसके बाद सोनीपत में 81, करनाल में 77, फरीदाबाद और गुरुग्राम में 75-75 तथा झज्जर में 62 मामले रिपोर्ट हुए हैं। राहत की बात यह है कि इस साल डेंगू से किसी मरीज की मौत का मामला सामने नहीं आया है।



















