धनौला: मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा के कत्ल के बाद जिला बरनाला के गांव कालेके में भी नशा तस्करों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। नशा तस्करों द्वारा नशा विरोधी कमेटी के सदस्य अमनदीप सिंह पर घर जाकर जानलेवा हमला करते हुए 4 फायर किए गए। इस दौरान एक गोली उसकी जांघ में लगकर आर-पार हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार हमलावरों ने अमनदीप सिंह की गर्भवती पत्नी के पेट में लातें भी मारीं। इस हमले में पति-पत्नी दोनों घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हमला करने वालों की संख्या 5 बताई जा रही है। इनमें से 2 व्यक्ति राजू और सुक्खू नामजद बताए जा रहे हैं जबकि 3 व्यक्ति अज्ञात हैं। हमलावरों ने अमनदीप सिंह के घर जाकर सरेआम फायरिंग की, जिससे पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा हो गया।
पारिवारिक सदस्यों और ग्रामीणों का कहना है कि यह हमला नशा तस्करी के विरोध के चलते किया गया है। अमनदीप सिंह नशा विरोधी कमेटी का सक्रिय सदस्य है और नशा तस्करों के खिलाफ आवाज उठा रहा था, जिससे खफा होकर तस्करों ने उसे रास्ते से हटाने के लिए यह वारदात की है। उधर पुलिस ने मामले की जांच करते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।



















