भारत का सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल और मोबिलिटी इवेंट भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 अगले साल फरवरी में आयोजित होने जा रहा है. इस बार यह आयोजन पहले से ज्यादा बड़ा होने वाला है. इसमें 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि और 1,750 से ज्यादा कंपनियां हिस्सा लेंगी. इस दौरान दुनिया की बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियां अपने नए वाहन, तकनीक और भविष्य की मोबिलिटी से जुड़े प्रोडक्ट पेश करेंगी.

यह एक्सपो 4 से 9 फरवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होगा. इसमें अमेरिका, चीन, जापान, मेक्सिको, श्रीलंका, जर्मनी, इटली, स्पेन और ताइवान समेत 50 से अधिक देशों की भागीदारी होगी. इस आयोजन के तहत होने वाले ऑटो एक्सपो-द मोटर शो 2027 में कम से कम 44 वाहन कंपनियां हिस्सा लेंगी. ये कंपनियां अलग-अलग तरह के इंजन और ऊर्जा तकनीक वाले वाहन पेश करेंगी. इनमें इलेक्ट्रिक, सीएनजी, एलएनजी, इथेनॉल, फ्लेक्स-फ्यूल और हाइड्रोजन से चलने वाले वाहन शामिल होंगे.

दुनिया के सबसे बड़े आयोजनों में से एक

एक्सपो की शुरुआत से पहले केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि यह दुनिया के सबसे बड़े आयोजनों में से एक होगा. उन्होंने आयोजकों से इस कार्यक्रम का बड़े स्तर पर प्रचार करने और कम से कम 25 हजार विदेशी दर्शकों के भारत में आने की उम्मीद जताई है. भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 की थीम ‘स्मार्टर मोबिलिटी फॉर ए बेटर टुमॉरो’ यानी बेहतर भविष्य के लिए स्मार्ट परिवहन रखी गई है.

दो जगहों पर होगा आयोजन, एक साथ चलेंगे 11 शो

इस आयोजन में ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़ी लगभग सभी प्रमुख कंपनियां और उद्योग शामिल होंगे. यह कार्यक्रम दिल्ली के दो बड़े आयोजन स्थलों पर होगा. पहला आयोजन भारत मंडपम में 4 से 9 फरवरी तक और दूसरा यशोभूमि में 4 से 7 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा. एक्सपो में कुल 11 अलग-अलग शो होंगे. इनमें ऑटो एक्सपो-द मोटर शो, इंडिया इंटरनेशनल टायर शो, भारत बैटरी शो, इंडिया साइकिल शो, मोबिलिटी टेक पैवेलियन, स्टील एंड एडवांस्ड मटेरियल्स पैवेलियन और द कंपोनेंट्स एंड टेक्नोलॉजी शो शामिल हैं. इसके अलावा भारत कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट एक्सपो, एग्री मोबिलिटी एंड टेक्नोलॉजी एक्सपो, एयर मोबिलिटी एक्सपो और मेट्रो एंड अर्बन मास ट्रांजिट एक्सपो भी आयोजित किए जाएंगे.

भारत मंडपम (4 से 9 फरवरी 2027)

  • ऑटो एक्सपो-द मोटर शो 2027
  • इंडिया इंटरनेशनल टायर शो 2027
  • भारत बैटरी शो 2027
  • इंडिया साइकिल शो 2027
  • मोबिलिटी टेक पैवेलियन
  • स्टील एंड एडवांस्ड मटेरियल्स पैवेलियन

यशोभूमि (4 से 7 फरवरी 2027)

  • द कंपोनेंट्स एंड टेक्नोलॉजी शो 2027
  • भारत कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट एक्सपो 2027
  • एयर मोबिलिटी एक्सपो 2027
  • एग्री मोबिलिटी एंड टेक्नोलॉजी एक्सपो 2027
  • मेट्रो एंड अर्बन मास ट्रांजिट एक्सपो 2027

आम लोगों के लिए कब खुलेगा एक्सपो?

एक्सपो के पहले दो दिन यानी 4 और 5 फरवरी केवल मीडिया के लिए रखे गए हैं. आम लोग 6 से 9 फरवरी तक इस प्रदर्शनी को देख सकेंगे. आम लोगों के लिए एक्सपो का समय 6 और 7 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा. वहीं, 8 और 9 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक प्रदर्शनी खुली रहेगी.

टिकट की कीमत कितनी होगी?

  • 6 और 7 फरवरी: 300 रुपये प्रति व्यक्ति.
  • 8 और 9 फरवरी: 200 रुपये प्रति व्यक्ति.

इस बार भारत मोबिलिटी एक्सपो में छोटे और मध्यम कारोबार (MSME) और नए स्टार्टअप को भी खास जगह दी जाएगी. इसका मकसद इन कंपनियों को अपने प्रोडक्ट, नई तकनीक और काम करने की क्षमता दुनिया के सामने दिखाने का मौका देना है. एक्सपो से जुड़ी नई जानकारी और अपडेट समय-समय पर जारी किए जाएंगे.

10 लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की उम्मीद

आयोजकों के मुताबिक, भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो दुनिया के सबसे बड़े मोबिलिटी आयोजनों में से एक है. इस बार दोनों आयोजन स्थलों को मिलाकर करीब 2.5 लाख वर्ग मीटर में प्रदर्शनी लगाई जाएगी. इसमें 10 लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की उम्मीद है.

सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (SIAM) के पूर्व अध्यक्ष और आयोजन से जुड़े विनोद अग्रवाल ने बताया कि मोटर शो में 44 वाहन निर्माता कंपनियां करीब 79 हजार वर्ग मीटर जगह पर अपने प्रोडक्ट और तकनीक पेश करेंगी. उन्होंने कहा कि इसमें भारत की प्रमुख वाहन निर्माता कंपनियों के साथ दुनिया के बड़े ऑटोमोबाइल ब्रांड भी शामिल होंगे. इस एक्सपो में नई गाड़ियों के साथ ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की भविष्य की तकनीक और परिवहन के बदलते तरीकों की झलक भी देखने को मिलेगी.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30