हिंदू धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है.इसे प्रबोधिनी एकादशी और देवोत्थान एकादशी के नाम से भी जाना जाता है.यह पर्व कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को मनाया जाता है. साल 2026 में देवउठनी एकादशी की तारीख को लेकर लोगों के बीच इस बार दुविधा है. क्योंकि इस बार एकादशी की तिथि कि इस बार एकादशी तिथि 20 नवंबर को सुबह शुरू होकर 21 नवंबर की सुबह समाप्त हो रही है. ऐसे में पंचांग के अनुसार जानते हैं इस साल देवउठनी एकादशी की सही तिथि
20 या 21 नवंबर, कब मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी?
पंचांग के अनुसार, साल 2026 में कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 20 नवंबर, शुक्रवार को सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर शुरू होगी. वहीं, इस तिथि का समापन 21 नवंबर, शनिवार को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर होगा. इस आधार पर सामान्य गृहस्थ वालों के लिए देवउठनी एकादशी का व्रत 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को रखा जाएगा. वहीं, वैष्णव परंपरा में 21 नवंबर को गौण या वैष्णव एकादशी के रूप में व्रत रखा जाएगा.
देवउठनी एकादशी 2026 के शुभ मुहूर्त
देवउठनी एकादशी के दिन भगवान विष्णु की पूजा और आराधना का विशेष महत्व है. इस दिन श्रद्धालु सुबह स्नान के बाद व्रत का संकल्प लेते हैं और भगवान विष्णु की पूजा करते हैं. पूजा के लिए दिन में कई शुभ मुहूर्त बताए गए हैं.
- ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:01 बजे से 5:54 बजे तक
- अभिजित मुहूर्त: सुबह 11:45 बजे से दोपहर 12:28 बजे तक
- गोधूलि मुहूर्त: शाम 5:26 बजे से शाम 5:52 बजे तक
देवउठनी एकादशी 2026 व्रत पारण का समय
एकादशी व्रत में पारण का विशेष महत्व होता है. पारण का अर्थ है व्रत को विधि-विधान से खोलना. सामान्य परंपरा के अनुसार, देवउठनी एकादशी का व्रत रखने वाले श्रद्धालु अगले दिन यानी 21 नवंबर को द्वादशी तिथि में पारण करेंगे. पंचांग के अनुसार, 20 नवंबर को व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए पारण का शुभ समय 21 नवंबर को दोपहर 1 बजकर 11 मिनट से दोपहर 3 बजकर 18 मिनट तक रहेगा. वहीं, जो श्रद्धालु वैष्णव या गौण एकादशी की परंपरा के अनुसार 21 नवंबर को व्रत रखेंगे, वे 22 नवंबर को सुबह 6 बजकर 49 मिनट से सुबह 8 बजकर 56 मिनट के बीच पारण कर सकते हैं.
क्यों मनाई जाती है देवउठनी एकादशी?
पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु आषाढ़ मास के शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी के दिन चार महीने के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं. इस अवधि को चातुर्मास कहा जाता है. इस दौरान विवाह और अन्य मांगलिक कार्यों को करना शुभ नहीं माना जाता है. इसके बाद कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा से जागते हैं. इसी वजह से इस दिन को देवउठनी या देवोत्थान एकादशी कहा जाता है. मान्यता है कि भगवान विष्णु के जागने के साथ ही शुभ और मांगलिक कार्यों का सिलसिला दोबारा शुरू हो जाता है.
(Disclaimer): इस लेख में दी गई जानकारी केवल सामान्य सूचनात्मक उद्देश्यों के लिए है। यहां दी गई ज्योतिष, वास्तु या धार्मिक जानकारी मान्यताओं और विभिन्न स्रोतों पर आधारित है। किसी भी उपाय, सलाह या विधि को अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के प्रमाणित विशेषज्ञ या विद्वान से परामर्श अवश्य लें।

















