सोनिया गांधी की किताब पर साबरमती एक्सप्रेस अग्निकांड को ‘साजिश’ बताने वाले दावे पर पूर्व SIT प्रमुख राकेश अस्थाना ने सवाल उठाए हैं. जानें क्या कहा?

2002 के गोधरा कांड को करीब 24 साल हो चुके हैं. उस समय साबरमती एक्सप्रेस में लगी आग को लेकर बहस एक बार फिर चर्चा में है. इसकी वजह कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की नई किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ में इस घटना का जिक्र है. किताब के पेज 403 पर सोनिया गांधी ने ट्रेन में आग लगने की वजह को अब भी विवादित बताया है. उनके इस उल्लेख पर गुजरात पुलिस की SIT के तत्कालीन प्रमुख रहे राकेश अस्थाना ने आपत्ति जताई है. अस्थाना का कहना है कि आग किसी हादसे का नतीजा नहीं थी, बल्कि इसके पीछे बाकायदा साजिश रची गई थी.

सोनिया गांधी ने किताब में क्या लिखा है?

सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि अयोध्या से अहमदाबाद लौट रही साबरमती एक्सप्रेस में आग लगने से 59 तीर्थयात्रियों की जान चली गई थी. ट्रेन में कारसेवक सवार थे. उन्होंने आगे लिखा कि आग लगने के कारणों को लेकर विवाद बना हुआ है, लेकिन इसके बाद गुजरात के कई हिस्सों में सांप्रदायिक हिंसा फैल गई और इसका सबसे ज्यादा असर मुस्लिम समुदाय पर पड़ा. इस टिप्पणी पर ANI से बातचीत में राकेश अस्थाना ने अपनी जांच का हवाला देते हुए कहा कि आग लगने की वजह स्पष्ट करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य जुटाए गए थे. उनके मुताबिक, जांच केवल आरोपियों के कबूलनामों पर आधारित नहीं थी. इसमें फोरेंसिक रिपोर्ट, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और जले हुए कोच के साथ आसपास के इलाके की वैज्ञानिक जांच भी शामिल थी.

चेन पुलिंग से लेकर पेट्रोल डालने तक, अस्थाना ने बताई घटनाक्रम की कड़ी

अस्थाना ने इंटरव्यू में उस घटनाक्रम का भी ब्यौरा दिया, जिसके आधार पर SIT ने आग को सुनियोजित साजिश माना था. उनके अनुसार, 27 फरवरी 2002 की सुबह करीब 8:10 बजे ट्रेन प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ी ही थी कि एक साथ तीन से चार बोगियों में चेन पुलिंग हुई. इससे ट्रेन रुक गई. ट्रेन दोबारा चली तो फिर चार डिब्बों में एक साथ चेन पुलिंग की गई और करीब आधा किलोमीटर आगे बढ़ने के बाद ट्रेन फिर ठहर गई.

ये भी पढ़ें: कहीं दीमक के टीले पर पूजा, तो कहीं समुद्र में जलता रथ; पुरानी सभ्यताओं में कैसे होती थी सूर्य पूजा?

अस्थाना के मुताबिक, ट्रेन सिग्नल फलिया इलाके के पास रुकी थी. वहां पहले से ही करीब 150 से 200 लोगों की भीड़ मौजूद थी. उनका दावा है कि इस भीड़ में 20 से 25 युवकों ने पहले ही पेट्रोल इकट्ठा कर रखा था और S6 कोच को निशाना बनाने की तैयारी थी.

S6 कोच में दाखिल होने के लिए काटा गया था वेस्टिब्यूल

राकेश अस्थाना ने बताया कि S6 और S7 कोच के बीच बने वेस्टिब्यूल को काटने की कोशिश की गई थी. उनके अनुसार, S6 का वेस्टिब्यूल कैनवस का था, जो 1987 में बना था, जबकि S7 में रबर का वेस्टिब्यूल लगा हुआ था. उन्होंने दावा किया कि वेस्टिब्यूल काटने के बाद कुछ युवक स्लाइडिंग दरवाजे से कोच के भीतर दाखिल होना चाहते थे. लेकिन बाहर से हो रही पत्थरबाजी के कारण यात्रियों ने दरवाजा बंद कर लिया था. इसके बाद कुछ युवकों ने धक्का देकर दरवाजा खुलवाया और अंदर प्रवेश किया.

140 लीटर पेट्रोल डालने के बाद लगाई गई आग: अस्थाना

अस्थाना ने अपनी जांच का हवाला देते हुए दावा किया कि हमलावरों ने S6 कोच के अंदर करीब 140 लीटर पेट्रोल डाला. इसके बाद वे दरवाजा खोलकर बाहर निकल गए. उन्होंने बताया कि बाहर मौजूद लोगों ने टूटी हुई खिड़कियों से कोच के भीतर जलती हुई मशालें फेंकीं. अस्थाना के मुताबिक, महज पांच मिनट में पूरा कोच आग की चपेट में आ गया. इस अग्निकांड में कुल 59 लोगों की मौत हुई थी. मृतकों में 27 महिलाएं, 10 बच्चे और 22 पुरुष शामिल थे. अस्थाना ने यह भी दावा किया कि आग से बचने के लिए कोच से बाहर कूदे कुछ लोगों को भी भीड़ ने दौड़ाकर पीटा था.

अमन गेस्ट हाउस में प्लानिंग का दावा

सोनिया गांधी की किताब में आग लगने के कारणों को विवादित बताए जाने पर अस्थाना ने कहा कि जांच के दौरान सामने आए घटनाक्रम को सामान्य दुर्घटना नहीं माना जा सकता. उन्होंने सुबह से भीड़ के जमा होने, पहले से पेट्रोल जुटाने और अमन गेस्ट हाउस में बैठक कर योजना बनाने का जिक्र किया. अस्थाना ने अमन गेस्ट हाउस के मालिक रज्जाक कुरकुर की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उनके मुताबिक, वह भी इस साजिश में शामिल था, उन्होंने कहा कि इन सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया गया था और अदालत में साक्ष्य भी पेश किए गए थे.

सोनिया गांधी की टिप्पणी पर अस्थाना को क्यों है आपत्ति?

दरअसल, सोनिया गांधी ने अपनी किताब में गोधरा ट्रेन अग्निकांड और उसके बाद गुजरात में भड़की हिंसा का जिक्र एक साथ किया है. उन्होंने लिखा है कि साबरमती एक्सप्रेस में आग लगने के बाद राज्य के कई हिस्सों में हिंसा फैली और इसमें मुख्य रूप से मुस्लिम समुदाय के लोग प्रभावित हुए. वहीं, राकेश अस्थाना का कहना है कि आग लगने की वजह को लेकर अब भी विवाद होने की बात कहना जांच के निष्कर्षों को नजरअंदाज करने जैसा है. उन्होंने जोर देकर कहा कि SIT ने अपनी जांच फोरेंसिक साक्ष्यों और स्वतंत्र गवाहों के आधार पर पूरी की थी. उनके मुताबिक, ट्रायल कोर्ट और गुजरात हाई कोर्ट में भी इन साक्ष्यों के आधार पर दोषियों को सजा मिली.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30