देहरादून: अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में उर्मिला सनावर का नार्को और पॉलीग्राफी टेस्ट होगा। देहरादून के सीबीआई कोर्ट ने उर्मिला सनावर के नार्को और पॉलीग्राफी टेस्ट के आदेश जारी कर दिए हैं। उर्मिला ने बताया कि टेस्ट गुजरात के गांधीनगर में किए जाएंगे लेकिन फिलहाल टेस्ट कब होंगे इसकी तारीख तय नहीं की गई है।
उर्मिला ने मीडिया से बातचीत में बताया कि कोर्ट में सुनवाई के दौरान नार्को और पॉलीग्राफी टेस्ट के लिए सहमति दी, साथ ही उनके बयान भी रिकॉर्ड में लिए गए हैं। बयान क्या दिया ये उर्मिला ने बताने से इनकार कर दिया। नार्को और पॉलीग्राफी टेस्ट के दौरान उनकी वकील या परिवार को कोई सदस्य मौजूद रह सकते हैं।
क्या है मामला
उर्मिला सनावर के खिलाफ 26 अक्टूबर को एफआईआर दर्ज हुई थी जिसके बाद उन्हें सहारनपुर में उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया था। पिछले हफ्ते सनावर को हरिद्वार की एक कोर्ट ने मानहानि और जबरन वसूली के मामले में जमानत दे दी थी।
बता दें कि 18 सितंबर 2022 को ऋषिकेश के पास स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में काम करने वाली अंकिता भंडारी की हत्या कर दी गई थी। की 18 सितंबर 2022 को हत्या कर दी गई थी। रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है। इसके बाद मामले में कथित वीआईपी को लेकर सियासत गरमाई हुई है।
बीते साल हरिद्वार के ज्वालापुर से पूर्व विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली उर्मिला सनावर के बीच कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। कथित ऑडियो में इस मामले में एक ‘वीआईपी’ की भूमिका और नाम का जिक्र था। जिसके बाद से मामला गरमाया हुआ है। विवाद बढ़ा तो सीबीआई जांच की मांग उठी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इसी साल जनवरी में इस मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश कर दी थी। अब इस मामले में उर्मिला सनावर ने नार्को और पॉलीग्राफी टेस्ट कराने की मांग की थी, जिसके बाद कोर्ट ने सहमति दे दी है।


















