रांची: झारखंड में सरकारी आवास पर घरेलू सहायिका के तौर पर काम करने वाली 15 वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म के आरोप में कांग्रेस के विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ शुक्रवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। सिमडेगा जिले की रहने वाली लड़की ने धुर्वा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि बाड़ा ने पांच अगस्त को अपने आवास पर उसके साथ दुष्कर्म किया, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई। 

आरोप है कि बाद में चिकित्सकीय जांच के दौरान उसे पता चला कि उसका गर्भपात हो गया। लड़की ने पत्रकारों को बताया कि उसे मई में स्कूल में दाखिला दिलाने का वादा करके रांची लाया गया था, लेकिन इसके बजाय उससे विधायक के सरकारी आवास पर घरेलू काम कराए जाने लगे। हटिया के पुलिस उपाधीक्षक नीरज कुमार ने कहा, ”हमने सिमडेगा विधानसभा सीट के विधायक के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पीड़िता को चिकित्सकीय जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। पुलिस उसका बयान भी दर्ज करेगी।” दो बार के विधायक बाड़ा ने आरोपों से इनकार किया और उन्हें ”पूरी तरह झूठ व भ्रामक” बताया। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस से निष्कासित कुछ लोगों ने यह मामला गढ़ा है। 

बाड़ा ने कहा, ”जांच के बाद सब कुछ साफ हो जाएगा।” उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि लड़की ने कथित घटना के तुरंत बाद शिकायत क्यों नहीं दर्ज कराई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने विधायक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो)-कांग्रेस गठबंधन सरकार में महिलाएं और लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी में लगाए गए आरोप चिंताजनक हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता विधायक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धुर्वा थाने का घेराव करेंगे। 

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30