मौसम – बंगाल की खाड़ी में सक्रिय गहरे दबाव का क्षेत्र अब चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ में बदलने की ओर बढ़ रहा है. इसके असर से देश के पूर्वी और दक्षिणी हिस्सों में मौसम बदलने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा तट के लिए येलो मैसेज के साथ प्री-साइक्लोन वॉच जारी की है. मौसम विभाग के 16 नवंबर के बुलेटिन के मुताबिक, यह सिस्टम 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है.
इन राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
IMD के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 17 से 20 नवंबर के बीच भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश में 18 नवंबर को भारी, जबकि 19 और 20 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है. उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश में कुछ जगहों पर अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है.
ओडिशा में 18 से 21 नवंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है. वहीं, रायलसीमा में 19 और 20 नवंबर, तेलंगाना के पूर्वी हिस्सों में 20 नवंबर, दक्षिण छत्तीसगढ़ में 20 नवंबर और उत्तर छत्तीसगढ़ में 21 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है. गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 19 और 20 नवंबर तथा झारखंड में 20 और 21 नवंबर को भी भारी बारिश की चेतावनी है.
समुद्र में न जाने की सलाह
मौसम विभाग ने अंडमान सागर, बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों और तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है. आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और ओडिशा के तटों पर तेज हवाओं और समुद्र में ऊंची लहरों की आशंका जताई गई है.


















