वीडियो गेम खेलने वालों के लिए अच्छी खबर है. लंबे इंतजार के बाद GTA 6 भारत में लॉन्च हो गया है. Rockstar Games का यह गेम 19 नवंबर 2026 को रात 12 बजे भारतीय समय के अनुसार रिलीज हुआ है. GTA सीरीज के फैंस पिछले करीब 13 साल से इसके नए गेम का इंतजार कर रहे थे. इससे पहले GTA 5 सितंबर 2013 में आया था.
GTA 6 में इस बार पहले से बेहतर ग्राफिक्स, नई जगहें और एक नई कहानी देखने को मिलेगी. गेम में दो नए मुख्य किरदार भी हैं, जिनके साथ खिलाड़ी अलग-अलग मिशन पूरे कर सकेंगे।. अगर आप भी यह गेम खेलने की सोच रहे हैं, तो आइए जानते हैं कि इसकी कीमत कितनी है, इसे डाउनलोड करने के लिए कितनी जगह चाहिए और यह किन डिवाइस पर चलेगा.
कितनी है GTA 6 की कीमत?
भारत में GTA 6 के दो डिजिटल एडिशन मिल रहे हैं. PlayStation Store पर इसके Standard Edition की कीमत 5,999 रुपये है. वहीं, Ultimate Edition खरीदने के लिए 7,499 रुपये खर्च करने होंगे. Xbox Store पर भी इसकी शुरुआती कीमत 5,999 रुपये है.
आपकी जानकारी के लिए बता दें, दोनों एडिशन में बेस गेम मिलेगा, लेकिन Ultimate Edition में कुछ अतिरिक्त इन-गेम कंटेंट भी दिया जाएगा. इसमें गाड़ियां, हथियार, कैरेक्टर कस्टमाइजेशन, बिजनेस और दूसरे एक्स्ट्रा आइटम शामिल हैं.
वहीं, डिजिटल वर्जन खरीदने वाले गेमर्स को Vintage Vice City Pack और एक महीने की GTA+ मेंबरशिप का ऑफर भी दिया जा रहा है. हालांकि, इस ऑफर की शर्तें और इसे क्लेम करने की आखिरी तारीख खरीदारी से पहले जरूर चेक कर लें.
GTA 6 डाउनलोड करने के लिए चाहिए 212GB स्टोरेज
GTA 6 का साइज काफी बड़ा है. इसे डाउनलोड और इंस्टॉल करने के लिए गेमर्स को अपने कंसोल में करीब 212GB स्टोरेज तक की जरूरत पड़ सकती है. हालांकि, स्टोरेज की सही जरूरत कंसोल के हिसाब से अलग हो सकती है.
इसलिए गेम डाउनलोड करने से पहले अपने PlayStation या Xbox की स्टोरेज जरूर चेक कर लें. कम जगह होने पर आपको दूसरी गेम्स या फाइल्स हटानी पड़ सकती हैं.
इन डिवाइस पर खेल सकेंगे GTA 6
फिलहाल GTA 6 को PlayStation 5 और Xbox Series X|S पर खेला जा सकता है. यानी अगर आपके पास PS5 या Xbox का नया कंसोल है, तो आप इस गेम का मजा ले सकते हैं.
वहीं, PC पर गेम खेलने वालों को अभी इंतजार करना होगा. Rockstar Games ने PC वर्जन की रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है. फिलहाल कंपनी ने कंसोल के लिए ही गेम जारी किया है.
Vice City में होगी GTA 6 की कहानी
GTA 6 की कहानी खिलाड़ियों को एक बार फिर Vice City लेकर जाएगी. यह एक काल्पनिक शहर है, जो अमेरिका के मियामी से प्रेरित है. इस बार गेम की दुनिया को Leonida नाम के बड़े इलाके तक फैलाया गया है. यह अमेरिका के फ्लोरिडा से प्रेरित है.
गेम की कहानी दो मुख्य किरदारों Jason Duval और Lucia Caminos के इर्द-गिर्द घूमती है. दोनों एक लूट की कोशिश में फंस जाते हैं. मामला बिगड़ने के बाद उनकी जिंदगी बदल जाती है और वे एक बड़े क्रिमिनल नेटवर्क और साजिश का हिस्सा बन जाते हैं.
इस कहानी में Jason और Lucia को कई मुश्किलों का सामना करना होगा. खिलाड़ियों को दोनों किरदारों के साथ इस अपराध की दुनिया में आगे बढ़ने का मौका मिलेगा.
पहले से डाउनलोड कर सकते थे GTA 6
Rockstar Games ने डिजिटल प्री-ऑर्डर करने वाले गेमर्स को गेम पहले से डाउनलोड करने की सुविधा दी थी. 10 नवंबर से प्री-डाउनलोड शुरू हो गया था.
इस फीचर की मदद से गेमर्स लॉन्च से पहले ही गेम की फाइल्स अपने कंसोल में डाउनलोड कर सकते थे. हालांकि, डाउनलोड पूरा होने के बाद भी गेम नहीं खेल सकते थे. इसे खेलने के लिए 19 नवंबर की आधिकारिक लॉन्च टाइमिंग का इंतजार करना जरूरी था.


















