Whatsapp Photo Quality: आज के जमाने में किसी शादी-पार्टी की तस्वीरें हों या दोस्तों के साथ किसी ट्रिप की फोटो, हम सब फोटो शेयर करने के लिए सबसे पहले वॉट्सऐप का ही इस्तेमाल करके हैं. कुछ समय पहले तक वॉट्सऐप पर फोटो भेजते ही उसका कबाड़ा हो जाता था और अच्छी-भली DSLR या महंगे फोन से खींची गई फोटो भी धुंधली नजर आने लगती थी. यूजर्स की इसी शिकायत को दूर करने के लिए कंपनी ने HD Photo फीचर लॉन्च किया था.
लोगों को लगा कि अब फोटो फटने की टेंशन हमेशा के लिए खत्म हो गई है. लेकिन क्या आपने कभी गौर किया है कि वॉट्सऐप पर HD ऑप्शन सिलेक्ट करने के बाद भी फोटो की वह ओरिजिनल चमक और डिटेलिंग गायब हो जाती है? अगर आप उस फोटो को जूम करके देखेंगे या उसका प्रिंट निकलवाने जाएंगे तो आपको साफ पता चल जाएगा कि क्वालिटी अब भी काफी गिर चुकी है. आखिर HD के बावजूद क्यों होता है ऐसा जान लें बिना एक भी पिक्सल खोए फोटो भेजने का सही तरीका क्या है?
HD ऑप्शन चुनने के बाद भी क्यों फट जाती है फोटो?
सबसे पहले आपको बताते हैं कि वॉट्सऐप का यह HD फीचर असल में काम कैसे करता है. जब आप अपने फोन के 50 या 100 मेगापिक्सल वाले कैमरे से कोई फोटो खींचते हैं तो उसका साइज आराम से 5 से 10 एमबी के बीच होता है. वॉट्सऐप पर रोजाना करोड़ों फोटोज भेजी जाती हैं. अगर कंपनी हर फोटो को उसके असली साइज में भेजने लगे तो उसके सर्वर पर जबरदस्त लोड पड़ेगा और आपका मोबाइल डेटा भी तुरंत खत्म हो जाएगा. इसी डेटा को बचाने के लिए वॉट्सऐप इमेज कंप्रेशन एल्गोरिदम का इस्तेमाल करता है.
जब आप नॉर्मल मोड में फोटो भेजते हैं तो वॉट्सऐप उसकी क्वालिटी को लगभग 70 से 80 प्रतिशत तक घटा देता है. वहीं जब आप HD वाला बटन दबाते हैं तो भी फोटो ओरिजिनल क्वालिटी में नहीं जाती. एचडी मोड सिर्फ इतना करता है कि फोटो के रेजोल्यूशन को थोड़ा बेहतर रखता है लेकिन फाइल के साइज को फिर भी कंप्रेस कर देता है. यही वजह है कि 8 एमबी की फोटो एचडी में भेजने के बाद भी महज 1 या 1.5 एमबी की रह जाती है.
डॉक्यूमेंट बनाकर फोटो भेजना है सबसे सही
अगर आप चाहते हैं कि आपकी फोटो जैसी आपके फोन की गैलरी में दिख रही है बिल्कुल वैसी ही सामने वाले के फोन में भी पहुंचे तो वॉट्सऐप पर ओरिजिनल क्वालिटी में फोटो या वीडियो भेजने का सबसे पुराना तरीका Document फीचर है. इसके लिए जब आप किसी की चैट खोलते हैं तो नीचे मैसेज बॉक्स के पास बने पिन यानी अटैचमेंट आइकन पर टैप करें. यहां आपको गैलरी चुनने के बजाय Document वाले ऑप्शन पर क्लिक करना है.
इसके बाद Choose from gallery या Browse other docs में जाकर अपनी वो फोटो सिलेक्ट कर लें जिसे आप भेजना चाहते हैं. जब आप किसी फोटो को डॉक्यूमेंट बनाकर भेजते हैं तो वॉट्सऐप का कंप्रेशन सिस्टम उस पर काम नहीं करता. वॉट्सऐप उसे एक जरूरी फाइल मानकर बिना किसी छेड़छाड़ के सीधा सामने वाले के पास पहुंचा देता है. अगर आपकी फोटो 12 एमबी की है तो सामने वाले को भी पूरे 12 एमबी की ही फाइल मिलेगी और एक भी पिक्सल कम नहीं होगा.
एक साथ कई फोटोज भेजते वक्त इन बातों का रखें ध्यान
डॉक्यूमेंट के जरिए फोटो भेजने का तरीका क्वालिटी के मामले में तो नंबर वन है लेकिन इसके कुछ छोटे-मोटे नियम भी हैं जिन्हें जानना जरूरी है. जब आप डॉक्यूमेंट के तौर पर फोटो भेजते हैं तो चैट में उसका प्रीव्यू यानी थंबनेल नजर नहीं आता बल्कि सिर्फ फाइल का नाम दिखाई देता है. सामने वाले को फोटो देखने के लिए पहले उसे डाउनलोड करके ओपन करना पड़ता है. इसके अलावा अगर आप किसी शादी या ट्रिप की 50-60 फोटोज एक साथ भेजना चाहते हैं.
तो डॉक्यूमेंट में एक-एक करके सिलेक्ट करना थोड़ा परेशानी भरा लग सकता है. इसका सही तरीका यह है कि आप अपने फोन के फाइल मैनेजर में जाकर उन सभी फोटोज का एक ZIP फोल्डर बना लें और उस पूरे फोल्डर को वॉट्सऐप डॉक्यूमेंट के जरिए एक बार में सेंड कर दें. वॉट्सऐप पर आप डॉक्यूमेंट के रूप में 2 जीबी तक की फाइल आसानी से भेज सकते हैं. वहीं अगर आप आईफोन यूजर हैं तो फोटो सिलेक्ट करने के बाद उसे Save to Files में डालें और फिर वॉट्सऐप डॉक्यूमेंट से जाकर भेज दें.


















