अमरीकी राष्ट्रपति टं्रप और ईरान के नेता-कमांडर मानें अथवा न मानें, घोषित करें या ऐसे ही हमले विनाश करते रहें, लेकिन हकीकत यह है कि ईरान युद्ध का तीसरा चरण शुरू हो चुका है। अमरीकी सेना बीते 3-4 दिन से होर्मुज, केश्म द्वीप, सिरिक, बंदर लेंघे पोर्ट आदि जगहों पर हवाई हमले कर रही है। युद्ध के दौरान ही अमरीका ने ‘मिनटमैन-3’ मिसाइल का परीक्षण किया है, जो 7000 किलोमीटर की दूरी तक हमला कर सकेगी। बी-94 परमाणुमय बम का उल्लेख भी सीनेट समिति में किया गया है। क्या अमरीका परमाणु सम्मत हथियार से ईरान पर हमला कर सकता है? यह सवाल फिलहाल संभावनाओं में है। बहरहाल ईरान के करीब समंदर में अमरीका के विशालकाय विमानवाहक पोत तैनात हैं। उन पर लड़ाकू विमान, मिसाइलें और हजारों मरीन कमांडो टाइप सैनिक मौजूद हैं। अमरीका ईरान के दक्षिणी तटीय इलाकों में हवाई हमले कर रहा है, नतीजतन आईआरजीसी के मिसाइल बेस, मिसाइल लॉन्चर्स, संचार-रडार प्रणाली तबाह हुए हैं। आईआरजीसी के हथियार-भंडार को दहलाया गया है, जिसमें 6 सैनिक भी हताहत हुए हैं। बीते दो दिनों में ईरान ने अमरीका के पैट्रियॉट सिस्टम और चार एमक्यू ड्रोन मार गिराए हैं। ईरान ने ऐसा पलटवार किया है कि अमरीका के कई मंत्रियों और अधिकारियों को सेना के सुरक्षित बंकरों में भेजना पड़ा है। अधिकतर यूरोपीय देशों-जर्मनी, स्पेन, इटली, फ्रांस, ब्रिटेन, पुर्तगाल, यूनान आदि-को आतंकी हमले का अलर्ट जारी करना पड़ा है। ईरान बार-बार कह रहा है कि इस बार हमले पश्चिम एशिया के बाहर भी किए जाएंगे। यूरोपीय देश ईरानी मिसाइलों के निशाने पर हैं। साइबर हमलों के भी अलर्ट जारी किए गए हैं। यूरोप की सबसे बड़ी गैस सप्लाई कंपनी ‘इक्विनोर’ पर साइबर हमला कर उसके आईटी सिस्टम को हैक कर लिया गया है। फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है कि यह साइबर हमला ईरान ने किया है अथवा किसी अन्य ताकत ने किया है। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि 50 से अधिक ‘ईरानी एजेंट’ यूरोप में सक्रिय हैं। उन्हें ही ‘स्लीपर सेल’ कहा जाता है।

वे साइबर, हाईब्रिड हमले करने में प्रशिक्षित और सक्षम हैं। धमकियां दी जा रही हैं कि राजनीतिक चेहरों, रणनीतिक ठिकानों और ऊर्जा संयंत्रों को निशाना बनाया जा सकता है। कथित डर्टी बम, रासायनिक बम के इस्तेमाल की आशंकाएं भी जताई जा रही हैं। फिलहाल ईरान ने बहरीन, कुवैत, कतर में स्थित अमरीकी सैन्य ठिकानों और सुविधाओं पर हमले किए हैं। बहरीन पर 6 दिन में 4 विध्वंसक मिसाइल हमले किए गए हैं। ईरान की सुरक्षा परिषद के सदस्य थानी ने अमरीका पर परमाणु हमले की भी चेतावनी दी है। क्या ईरान ने परमाणु बम बना लिया है? गौरतलब यह है कि ईरान का भूमिगत ‘मिसाइल शहर’ अब भी जिंदा और सक्रिय है। ईरान 2500 मिसाइलों की ताकत के साथ युद्ध के तीसरे चरण में उतरा है। उधर इजरायल में दो ‘आयरन डोम’ तैनात किए गए हैं। अचानक सेना की हलचलें बढ़ गई हैं। अजीब विडंबना और विरोधाभास है कि चीन के शेनझेन शहर में पहली बार चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, अमरीकी राष्ट्रपति टं्रप और रूसी राष्ट्रपति पुतिन के बीच ‘महामुलाकात’ हुई है। युद्ध भी एजेंडे पर हैं। एक तरफ संवाद है और दूसरी तरफ विध्वंसक युद्ध (ईरान और यूक्रेन) जारी हैं। तात्कालिक युद्धविराम भी नहीं हो सके। आखिर युद्धों की नियति क्या होगी? ईरान युद्ध ने तेल-गैस के वैश्विक संकट बो दिए हैं। कभी अपनी सम्पन्नता पर इतराने वाला यूरोप आज इन संकटों के कारण हाहाकार कर रहा है। अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी ने मार्च, 2026 में 40 करोड़ बैरल तेल जारी किया था। इसके अलावा, अक्तूबर 2026 में 10 करोड़ बैरल तेल और डीजल ‘आपातकालीन’ जारी करने का फैसला सामने आया था। अमरीका जैसे देश में 1982 के बाद रणनीतिक तेल भंडार सबसे निचले स्तर पर आ गया है। सिर्फ ईरान की 25 फीसदी अर्थव्यवस्था ही नहीं घटी, बल्कि अमरीका का सैन्य खर्च 47.1 अरब डॉलर (करीब 4.4 लाख करोड़ रुपए) तक पहुंच चुका है। कुछ ऐसे आकलन भी सामने आए हैं कि अमरीका के कई विमान और ड्रोन नष्ट किए जा चुके हैं। क्या टं्रप सोचेंगे कि युद्ध क्यों जारी है?

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30