उच्च नैतिक मूल्यों के लिए विश्व प्रसिद्ध रहे हमारे देश में कुछ वर्षों से अनेक अनैतिक कृत्य हो रहे हैं। पिता और भाइयों के हाथों ही बेटियों और बहनों से दुष्कर्म करके इनके पवित्र रिश्ते तबाह किए जा रहे हैं, जिनकी इसी वर्ष सामने आईं चंद घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :

* 18 फरवरी को ‘मोगा’ (पंजाब) की अदालत ने नाबालिग बेटी को डरा-धमका कर लगातार 7 वर्ष तक उससे दुष्कर्म करने वाले कलियुगी पिता को 20 वर्ष की कैद और 60,000 रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। बेटी के विरोध करने पर उसका पिता उसे जान से मारने की धमकी देता और उसके साथ बुरी तरह मारपीट करता था। 

* 12 मार्च को जिला ‘अशोक नगर’ (मध्य प्रदेश) के ‘मूंगावली’ में एक 14 वर्षीय किशोरी ने पुलिस में अपने पिता के विरुद्ध डरा-धमका कर उसके साथ दुष्कर्म करने की शिकायत दर्ज करवाई। 
पीड़िता के अनुसार उसके पिता ने पहली बार उसके साथ तब दुष्कर्म  किया था जब उसकी मां दूसरे कमरे में सो रही थी और भाई घर पर नहीं था। दूसरी बार जब वह अपनी मां के पास सो रही थी तब उसका पिता उसे वहां से उठाकर दूसरे कमरे में ले गया और वहां उससे दुष्कर्म किया।
* 28 जून को ‘हनुमानगढ़’ (राजस्थान) में अपनी 16 वर्षीय बहन के साथ दुष्कर्म करने और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने उसके 21 वर्षीय भाई को गिरफ्तार किया।

* 3 जुलाई को ‘फतेहपुर’ (उत्तर प्रदेश) में पुलिस ने एक युवक को अपनी नाबालिग बहन को डरा-धमका कर उसके साथ कई बार दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया। 
* 18 अगस्त को ‘रायपुर’ (छत्तीसगढ़) के ‘न्यू राजेंद्र नगर’ में एक 16 वर्षीय नाबालिग से उसके पिता द्वारा 3 वर्ष तक दुष्कर्म करने और उससे जन्मे बच्चे को बेचने के आरोप में पुलिस ने आरोपी पिता और उसकी बुआ समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया। 
पीड़िता के अनुसार एक बार जब वह अपने रिश्तेदार के घर गई हुई थी तो उसके पिता ने उसे जबरन शराब पिला कर मारपीट करने के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर मार डालने की धमकी दी। पीड़िता ने यह आरोप भी लगाया कि उसके पिता द्वारा दुष्कर्म  करने के बाद वह कई बार गर्भवती हुई और आरोपियों ने जबरदस्ती उसका गर्भपात करवाया।

* 26 अगस्त को ‘गोपेश्वर’ (उत्तराखंड) की अदालत ने एक व्यक्ति को अपनी बेटी से दुष्कर्म करके उसे बार-बार गर्भवती करने और गर्भ गिराने के आरोप में 20 वर्ष कैद और 20,000 रुपए जुर्माने की सजा सुनाई। 
उल्लेखनीय है कि इस व्यक्ति ने अपनी पत्नी को मारपीट करके घर से निकाल दिया था परन्तु अपनी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को अपने पास रख लिया था जिसके साथ वह बार-बार दुष्कर्म करता रहा। 
* 25 अक्तूबर को ‘बरला’ (अलीगढ़, उत्तर प्रदेश) के एक गांव में रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक घटना में एक 8 वर्षीय बच्ची से उसके 13 वर्षीय किशोर भाई ने उसे टॉफी का लालच देकर दुष्कर्म कर डाला। 

घटना का पता चलने पर गांव वालों ने आरोपी किशोर को पुलिस के हवाले कर दिया। जिस समय नाबालिग ने यह करतूत की उस समय उसकी मां खेत में काम करने और पिता नौकरी पर गया हुआ था। उक्त घटनाएं साक्षी हैं कि आज बाप-बेटी और भाई-बहन जैसे पवित्र रिश्ते किस कदर तबाह होते जा रहे हैं और ऐसी घटनाओं से देश का माहौल खराब हो रहा है। अत: इस विनाशकारी रुझान पर रोक लगाने के लिए तुरन्त कड़े दंडात्मक और सुधारात्मक उपाय करने की जरूरत है।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30