दुनिया की सबसे बड़ी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी ए.आई. चिप कंपनियों में शामिल एनवीडिया इन दिनों एक बड़े नेतृत्व संकट से जूझ रही है। कंपनी के सी.ई.ओ. और को-फाऊंडर जेन्सेन हुआंग से जुड़ा विवाद अब सिर्फ  उनकी निजी जिंदगी तक सीमित नहीं रह गया है। इसने कंपनी के भविष्य, निवेशकों के भरोसे और उत्तराधिकार की योजना पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जेन्सेन हुआंग 1993 से इस पद पर थे। उन्हें करीब 33 साल बाद अपना पद छोडऩा पड़ा है। हालांकि, उन पर लगे आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। एनवीडिया के निदेशक मंडल ने 8 नवम्बर को मामले की स्वतंत्र जांच शुरू करने की घोषणा की थी। कंपनी ने उस समय कहा था कि उसके पास राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के गोपनीय दस्तावेजों को लेकर समझौता होने का कोई प्रमाण नहीं है।

एनवीडिया पर चीन को एआई चिप्स की  सप्लाई और कुछ संदिग्ध कारोबारी गतिविधियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इस विवाद से अमरीका और चीन के बीच तकनीकी तनाव बढऩे की आशंका है। इसका असर चीन की ए.आई. कंपनियों के साथ-साथ भारत के ए.आई. मिशन, स्टार्टअप, डाटा सैंटर और शेयर बाजार पर भी पड़ सकता है। अमरीका में चीन को एडवांस्ड ए.आई. चिप्स की सप्लाई पर पहले से पाबंदियां हैं। अब इस विवाद के बाद इन प्रतिबंधों को और सख्त किए जाने की आशंका है। चीन की ए.आई. कंपनियां तकनीकी तरक्की के बावजूद मुनाफा कमाने और आपस में मुकाबला करने के लिए संघर्ष कर रही हैं। 

 ए.आई. मॉडल तैयार करने के लिए सबसे शक्तिशाली चिप्स की जरूरत होती है और अमरीका इन पर नियंत्रण बनाए रखकर चीन पर तकनीकी बढ़त बनाए रखना चाहता है। ऐसे में 80 फीसदी से अधिक ए.आई. चिप बाजार पर काबिज एनवीडिया और उसके शीर्ष नेतृत्व का यह विवाद पूरी वैश्विक टैक इकोनॉमी के लिए खतरे की घंटी बन गया है। कंपनी की मजबूत स्थिति ने उसे दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनियों में शामिल किया था, लेकिन अब नेतृत्व के इस संकट ने निवेशकों के बीच अनिश्चितता का माहौल पैदा कर दिया है। अब तक वैश्विक निवेशक कंपनी और जेन्सेन को पूरे ए.आई. इकोसिस्टम के दूरदर्शी संरक्षक के रूप में देखते रहे हैं। ऐसे में साफ  है कि अगर निवेशकों का यह भरोसा डगमगाता है या कंपनी अपनी साख खोती है, तो ग्राफिक प्रोसैसिंग यूनिट्स (जी.पी.यू.) चिप्स की कमी ए.आई. उद्योग के लिए भारी पड़ सकता है।

बहरहाल, एनवीडिया के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने तकनीकी विकास, उत्पादों की आपूर्ति और ग्राहकों के भरोसे को बनाए रखने की है। हुआंग के इस्तीफे से तीन बड़े असर हो सकते हैं। पहला, निवेशकों का भरोसा प्रभावित हो सकता है। दूसरा, बड़े कारोबारी सौदों पर असर पड़ सकता है। हुआंग के दुनिया की बड़ी टैक  कंपनियों के  प्रमुखों के साथ व्यक्तिगत कारोबारी संबंध हैं। नए सी.ई.ओ. के लिए इन रिश्तों को उसी स्तर पर बनाए रखना आसान नहीं होगा। तीसरा, अमरीका-चीन टैक्नोलॉजी विवाद और बढ़ सकता है। क्योंकि एनवीडिया के एडवांस ए.आई. चिप्स चीन के लिए भी अहम हैं। इस विवाद के चलते अमरीकी सरकार की निर्यात नीतियों और चीन के साथ कारोबार पर ज्यादा सख्ती की मांग उठ सकती है। साथ ही, निवेशकों की सबसे बड़ी ङ्क्षचता यह है कि नए नेतृत्व में कंपनी ए.आई. क्षेत्र की कंपनियों और डाटा सैंटर परियोजनाओं को वित्तीय मदद देने की अपनी रणनीति जारी रखेगी या नहीं। ऐसे में स्थायी सी.ई.ओ. की नियुक्ति के बाद कंपनी की दीर्घकालिक रणनीति में क्या बदलाव होंगे, यह देखना महत्वपूर्ण होगा। फिलहाल एनवीडिया के लिए नेतृत्व परिवर्तन के साथ ए.आई. चिप बाजार में अपनी स्थिति बनाए रखना सबसे बड़ी प्राथमिकता रहेगी।

जेन्सेन हुआंग का प्रभाव केवल व्यापार तक सीमित नहीं था। वह अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के करीबी सहयोगियों में गिने जाते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, ट्रम्प को पहले ही हुआंग के उस महिला के साथ संबंधों की जानकारी दी गई थी, जिसे चीन की खुफिया एजैंसी से जुड़ा माना गया था। लेकिन ट्रम्प ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। ट्रम्प का कहना था कि हुआंग को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह महिला चीन की जासूस है। बहरहाल, एनवीडिया का यह संकट केवल एक कॉरपोरेट विवाद नहीं, बल्कि भू-राजनीति, राष्ट्रीय सुरक्षा और ए.आई. क्रांति की कमजोर आर्थिक बुनियाद का संगम है। 

जहां एक ओर अमरीकी संसद और आपराधिक जांच एजैंसियां प्रतिबंधों के उल्लंघन की पड़ताल कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर सर्कुलर फाइनैंसिंग पर टिकी पूरी ए.आई. इंडस्ट्री के वित्तीय गणित पर सवाल खड़े हो गए हैं। आने वाले दिनों में नियामक कार्रवाइयों और बोर्ड की जांच के नतीजे यह तय करेंगे कि दुनिया की सबसे ताकतवर चिप कंपनी अपने इस बहु-अरब डॉलर के साम्राज्य को कैसे संभालती है। फिलहाल एनवीडिया के सामने दो बड़ी चुनौतियां हैं। पहली, हुआंग से जुड़े विवाद की निष्पक्ष जांच और निवेशकों का भरोसा बनाए रखना। दूसरी, यह सुनिश्चित करना कि भविष्य में नेतृत्व परिवर्तन होने पर कंपनी की रफ्तार प्रभावित न हो और कुल मिलाकर, एनवीडिया की कहानी अब सिर्फ ए.आई. चिप्स और शानदार शेयर रिटर्न की नहीं रह गई है। कंपनी के सामने यह साबित करने की चुनौती है कि उसका भविष्य किसी एक व्यक्ति पर निर्भर नहीं है।-रवि शंकर

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30