Lava Smart 4 Pro : Lava ने अपना नया बजट स्मार्टफोन Lava Smart 4 Pro भारत में लॉन्च कर दिया है. यह फोन कंपनी की Smart 4 सीरीज का तीसरा मॉडल है. इससे पहले कंपनी इस सीरीज में Lava Smart 4 और Lava Smart 4 Plus पेश कर चुकी है. नए स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7,000mAh की बैटरी है. तो आइए जानते हैं कि इस फोन की कीमत से लेकर सभी फीचर्स क्या हैं.
Lava Smart 4 Pro के खास फीचर्स
इस स्मार्टफोन में 6.75 इंच की HD+ LCD स्क्रीन दी गई है. इसका रेजोल्यूशन 720 बाय 1,570 पिक्सल है और यह 90Hz तक के रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करती है. फोन में Android 16 ऑपरेटिंग सिस्टम मिलता है. कंपनी का दावा है कि इसमें कोई ब्लोटवेयर और विज्ञापन नहीं दिए गए हैं. इसके अलावा फोन को MIL-STD-810H मिलिट्री-ग्रेड सर्टिफिकेशन भी मिला है. कंपनी के मुताबिक, यह सर्टिफिकेशन फोन को गिरने और झटकों से बचाव के लिहाज से दिया गया है.
कैमरा और बैटरी में क्या है खास?
फोटोग्राफी के लिए फोन के पिछले हिस्से में LED फ्लैश के साथ 13 मेगापिक्सल का सिंगल कैमरा दिया गया है. वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 5 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है. यह कैमरा स्क्रीन फ्लैश सपोर्ट के साथ वाटरड्रॉप नॉच में मौजूद है. Lava Smart 4 Pro में 7,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है. इसे चार्ज करने के लिए 18W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है. चार्जिंग के लिए USB Type-C पोर्ट दिया गया है. सुरक्षा के लिए फोन में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर मौजूद है. कंपनी इस स्मार्टफोन के साथ एक साल की वारंटी भी दे रही है.
Unisoc प्रोसेसर और रैम की जानकारी
Lava Smart 4 Pro में Unisoc T610 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है, जो 12nm प्रोसेस पर बना है. इसकी क्लॉक स्पीड 1.8GHz तक जाती है. इसमें छह एफिशिएंसी कोर और दो परफॉर्मेंस कोर मौजूद हैं. फोन में 4GB रैम मिलती है. इसके साथ वर्चुअल रैम के जरिए 4GB तक अतिरिक्त रैम बढ़ाने का ऑप्शन भी दिया गया है. इसकी 64GB इंटरनल स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड की मदद से 512GB तक बढ़ाया जा सकता है.
Lava Smart 4 Pro की कीमत
Lava Smart 4 Pro को भारत में 4GB रैम और 64GB स्टोरेज वाले सिंगल वेरिएंट में पेश किया गया है. इसकी कीमत 10,999 रुपये रखी गई है. फिलहाल यूजर इस स्मार्टफोन को कंपनी के ऑफलाइन रिटेल स्टोर से खरीद सकते हैं. फोन को दो कलर ऑप्शन में उपलब्ध कराया गया है. कंपनी इस फोन के साथ देशभर में यूजर्स को फ्री डोरस्टेप सर्विस भी दे रही है.


















