सिएटल । अमेरिका में आव्रजन अधिकारियों की कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एयरपोर्ट पर यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मचती दिखाई दे रही है। सिएटल-टैकोमा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर विमान में चढ़ने के दौरान ICE अधिकारियों ने दो यात्रियों को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के कारण लॉस एंजिल्स जाने वाली फ्लाइट की उड़ान भी प्रभावित हुई।
अमेरिकी आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि सुबह करीब 8:05 बजे एक टारगेटेड ऑपरेशन के तहत मेक्सिको के नागरिक रिकार्डो लारोंडो मेंडोजा को गिरफ्तार किया गया। एजेंसी के अनुसार, वह वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी अमेरिका में रह रहे थे। यह कार्रवाई सुबह करीब 8:10 बजे उड़ान भरने वाली अलास्का एयरलाइंस की फ्लाइट 1306 में बोर्डिंग के दौरान हुई। वायरल वीडियो में अधिकारी एक व्यक्ति को जमीन पर पकड़ने के लिए संघर्ष करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान आसपास यात्री अपने बैग लेकर खड़े हैं और पूरे घटनाक्रम को देख रहे हैं।
अधिकारियों के सामने रोती-बिलखती नजर आई महिला
वायरल वीडियो में एक महिला अधिकारियों से गुहार लगाती सुनाई देती है कि वे उसकी बेटी को ले जा रहे हैं और उसके पास वर्क परमिट है। महिला अधिकारियों के पैर पकड़कर रोती और उन्हें रोकने की कोशिश करती दिखाई देती है। ICE के मुताबिक, इस दौरान अधिकारियों पर गर्म कॉफी फेंकने के आरोप में सोफिया हर्नांडेज मेजिया नाम की एक अन्य यात्री को भी गिरफ्तार किया गया। एजेंसी ने बताया कि वह भी मेक्सिको की नागरिक हैं और वीजा अवधि समाप्त होने के बाद अमेरिका में रह रही थीं। उन पर संघीय अधिकारी पर हमला करने का आरोप लगाया जा सकता है। ICE ने यह भी दावा किया कि कुछ अन्य यात्रियों ने अधिकारियों की कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की, जो संघीय कानून के तहत अपराध है।
बिना सूचना कार्रवाई पर अलास्का एयरलाइंस ने जताई नाराजगी
अलास्का एयरलाइंस ने विमान की बोर्डिंग के दौरान बिना पूर्व सूचना के हुई इस कार्रवाई पर चिंता जाहिर की। कंपनी के अनुसार, इस घटना से यात्रियों और एयरलाइन कर्मचारियों को काफी परेशानी और तनाव का सामना करना पड़ा। एयरलाइन पोर्ट ऑफ सिएटल के साथ मिलकर जांच कर रही है कि कार्रवाई के दौरान निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं।
वहीं, वाशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने ICE की कार्रवाई को ‘बेहद गैर-अमेरिकी’ बताते हुए एजेंसी को समाप्त करने की मांग की। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने वायरल वीडियो को भयावह और परेशान करने वाला बताया। गवर्नर ने कहा कि अमेरिका को आव्रजन और सीमा सुरक्षा की ऐसी व्यवस्था चाहिए जो प्रभावी होने के साथ नैतिक और मानवीय भी हो, जबकि उनके मुताबिक ICE इस कसौटी पर खरा नहीं उतरता। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार इस बात की जांच कर रही है कि संघीय अधिकारी जेट ब्रिज तक कैसे पहुंचे और क्या इस कार्रवाई में चेहरा ढकने वाले कानून का उल्लंघन हुआ है।
श्रमिक संगठनों ने भी कार्रवाई की आलोचना की
6 लाख से अधिक श्रमिकों का प्रतिनिधित्व करने वाली वॉशिंगटन स्टेट लेबर काउंसिल की अध्यक्ष अप्रैल सिम्स ने व्यस्त यात्रा सीजन में एयरपोर्ट पर हुई इस कार्रवाई की आलोचना की। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट कर्मचारी पहले से ही काम के दबाव में हैं और यात्री भी तनाव का सामना कर रहे हैं। ऐसे माहौल में संघीय अधिकारियों की कार्रवाई ने शांति बहाल करने के बजाय डर और अव्यवस्था को बढ़ाया है।
दूसरी ओर, ICE ने अपने अभियान का बचाव करते हुए कहा कि संघीय अधिकारियों पर हमला करने या उनकी कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एजेंसी ने दावा किया कि उसके अधिकारियों पर हमलों में 1,600 प्रतिशत, वाहनों से हमलों में 3,300 प्रतिशत और जान से मारने की धमकियों में 8,000 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है।


















