नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह आज नई दिल्ली पहुंचेंगे. नेपाल के विदेश सचिव अमृत बहादुर राय की मानें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर 22 से 23 नवंबर नेपाल के पीएम बालेन शाह भारत की राजकीय यात्रा पर रहेंगे. बताया जा रहा है कि बालेन शाह 25 घंटे नई दिल्ली में रुकेंगे. विदेश सचिव के अनुसार, प्रधानमंत्री शाह के नेतृत्व में 34 सदस्यीय सरकारी प्रतिनिधिमंडल इस उच्च-स्तरीय दौरे के लिए काठमांडू से नई दिल्ली के लिए पहुंचेगा.
टूटी परंपरा जोड़ेंगे बालेन शाह
ये बालेन शाह का पहला विदेशी दौरा है. ये दौरा कई मायनों में खास होगा.भारत और नेपाल के रिश्ते सदियों पुराने हैं. नेपाल के लोग माता सीता को नेपाल का ही मानते हैं. मान्यता है कि नेपाल का जनकपुर राजा जनक की नगरी और मिथिला की राजधानी हुआ करती थी. धीरे-धीरे ये रिश्ता रोजगार से जुड़ा और इसीलिए इसे रोटी-बेटी का रिश्ता कहा जाने लगा. नेपाल में 1990 के दशक में बहुदलीय लोकतंत्र की बहाली के बाद वहां के सभी प्रधानमंत्री अपना सबसे पहला विदेशी दौरा भारत का करते थे.
प्रचंड के बाद भी ये परंपरा जारी रही. मगर, औपचारिक और पूर्ण द्विपक्षीय यात्रा के संदर्भ में यह परंपरा दिसंबर 2024 में टूटी, जब तत्कालीन प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने दोबारा सत्ता में आने के बाद भारत के बजाय अपनी पहली आधिकारिक द्विपक्षीय यात्रा के लिए चीन को चुना. अब बालेन शाह ने उस परंपरा को फिर से बहाल कर दिया है.


















