अमेरिका के सिएटल-टकोमा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. लेकिन इस दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसने यात्रियों को हिलाकर रख दिया. लॉस एंजिल्स जाने वाली फ्लाइट की बोर्डिंग के दौरान मास्क पहने इमिग्रेशन अफसरों ने भीड़ भरे जेट ब्रिज पर दो लोगों को हिरासत में ले लिया, इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें अफसर एक शख्स को जमीन पर घसीटते दिख रहे हैं. वहीं एक महिला चीख-चीख कर कह रही है कि उसकी बेटी को ले जाया जा रहा है और उसके पास वर्क परमिट है. इस घटना की वजह से फ्लाइट में भी देरी हुई है.
क्या है अमेरिका का यह मामला
दरअसल, अमेरिकी इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) की तरफ से बताया गया कि यह एक एक टारगेटेड ऑपरेशन था, जहां अफसरों ने मेक्सिको के नागरिक रिकार्डो लारोंडो मेंडोजा को गिरफ्तार करने के लिए यह पूरी कार्रवाई की थी, जिस पर वीजा से ज्यादा समय तक अमेरिका में रुकने का आरोप था. आईसीई के मुताबिक जब यह कार्रवाई की जा रही थी, तभी एक दूसरी यात्री सोफिया हर्नांडेज मेजिया ने अफसरों पर गर्म कॉफी फेंक दी. आईसीई का दावा है कि सोफिया भी मेक्सिको की नागरिक हैं और उन्होंने भी वीजा ओवरस्टे किया है, अब उन पर फेडरल अफसर पर हमला करने का केस भी चल सकता है.
बता दें कि अलास्का एयरलाइंस की फ्लाइट 1306 सुबह 8 बजकर 10 मिनट पर रवाना होनी थी, लेकिन एयरपोर्ट पर हुई इस कार्रवाई की वजह से फ्लाइट देर हो गई. थैंक्सगिविंग हॉलिडे से पहले यह अमेरिका में सबसे व्यस्त ट्रैवल वीकेंड में से एक था.
एयरलाइन ने सूचना नहीं होने की बात कही
अलास्का एयरलाइंस ने इस पूरे मामले में कहा कि आईसीई अफसरों ने इस कार्रवाई के बारे में पहले से कोई सूचना नहीं दी थी. एयरलाइन ने अपने बयान में कहा गया हम अलास्का फ्लाइट 1306 की बोर्डिंग के दौरान आज सुबह हुई कानून प्रवर्तन कार्रवाई से चिंतित हैं, हम समझते हैं कि यह घटना प्रभावित कर्मचारियों और यात्रियों के लिए कितनी परेशान करने वाली रही है. एयरलाइन ने कहा कि वह हर यात्री के साथ सम्मान और गरिमा के साथ व्यवहार करने के लिए प्रतिबद्ध है. एयरलाइन ने यह भी बताया कि वह पोर्ट ऑफ सिएटल के साथ मिलकर जांच कर रही है कि क्या प्रोटोकॉल का पालन हुआ और उसने अपनी चिंता सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचा दी है.
वाशिंगटन के गवर्नर बॉब फर्ग्यूसन ने इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है. उन्होंने शनिवार दोपहर लेबर लीडर्स और स्थानीय नेताओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि आईसीई के तरीके बेहद अ-अमेरिकी हैं और एजेंसी को खत्म कर देना चाहिए. गवर्नर ने यह भी कहा कि वह जांच कर रहे हैं कि आईसीई एजेंट जेट ब्रिज तक कैसे पहुंचे. उनका मानना है कि अफसरों ने मार्च में हस्ताक्षर किए गए उस राज्य कानून का उल्लंघन किया है, जिसमें कानून प्रवर्तन अधिकारियों के चेहरे ढकने पर रोक लगाई गई है.


















