मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बनी अवैध मस्जिद को लेकर विवाद बढ़ गया है. महाराष्ट्र महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MMRDA) ने इस निर्माण को हटाने के लिए मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है. इसके साथ ही मस्जिद के गेट पर MMRDA की ओर से नोटिस भी चिपका दिया गया है. बीजेपी नेता किरीट सोमैया ने दावा किया है कि नोटिस जारी होने के बाद एक सप्ताह के भीतर मस्जिद के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. वहीं, AIMIM नेता वारिस पठान ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे नफरत फैलाने वाला कदम बताया है.

MMRDA के आदेश के मुताबिक, मरोल के CTS नंबर 1405 पर बनी इस मस्जिद का निर्माण अनधिकृत पाया गया है. मेसर्स अशबुल जन्ना एयरपोर्ट चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से निर्माण को वैध साबित करने के लिए कुछ दस्तावेज जमा किए गए थे. हालांकि, प्राधिकरण का कहना है कि ये दस्तावेज महाराष्ट्र क्षेत्रीय एवं नगर नियोजन अधिनियम, 1966 के तहत निर्माण को संरक्षण देने के लिए पर्याप्त नहीं हैं.

आदेश में महाराष्ट्र सरकार के राजस्व एवं वन विभाग की ओर से 7 सितंबर 2010 और 10 अक्टूबर 2013 को जारी सर्कुलर का भी हवाला दिया गया है. इसके तहत MIAL को निर्देश दिया गया है कि आदेश मिलते ही इस अनधिकृत निर्माण को हटाने की कार्रवाई करे.

साथ ही, की गई कार्रवाई की जानकारी डिप्टी कलेक्टर और संबंधित अनधिकृत निर्माण नियंत्रण विभाग को देनी होगी. ऐसा नहीं करने पर MIAL के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.

वारिस पठान ने कार्रवाई पर उठाए सवाल

इस मामले पर AIMIM नेता वारिस पठान ने नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि इससे पहले मुसाफिरखाना मस्जिद पर भी नोटिस लगाया गया था, जिसके बाद मामला कोर्ट पहुंचा और अदालत ने कार्रवाई पर रोक लगा दी.

वारिस पठान ने कहा, “इनको क्या इतनी सूझी है कि सारी मस्जिदों को तोड़ने पर उतारू हो गए हैं? बीच में आपने देखा होगा कि दो दिन पहले मुसाफिरखाना मस्जिद पर भी नोटिस लगा दिया गया था. अच्छा हुआ कि हम कोर्ट गए. कोर्ट ने आदेश दिया, स्टे दिया और फिलहाल आगे की कार्रवाई पर रोक लग गई.”

उन्होंने आगे कहा, “अब यहां भी क्या मामला है? इन्हें इतना क्या हो गया है? वहां भी ट्रस्टी कह रहे हैं कि मामला कोर्ट में लंबित है. इसके बावजूद एमएमआरडीए नोटिस जारी कर रहा है कि हम तोड़ देंगे. तो यह देश कानून और संविधान से चलेगा, रूल ऑफ लॉ से चलेगा, बुलडोजर से चलेगा या बीजेपी के नेताओं की धांधली और दादागिरी से चलेगा? सवाल तो यही उठता है. जब मामला कोर्ट में लंबित है और कोर्ट में सुनवाई चल रही है, तो रुकिए ना. नफरत बंद होनी चाहिए. अब देखते हैं कि कोर्ट का क्या आदेश आता है.”

किरीट सोमैया ने एक सप्ताह में कार्रवाई का किया दावा

दूसरी तरफ बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने इस कार्रवाई का स्वागत किया है. उन्होंने दावा किया है कि महाराष्ट्र सरकार की ओर से MMRDA ने मुंबई एयरपोर्ट परिसर में बनी कथित अवैध मस्जिद को हटाने के लिए नोटिस जारी किया है. सोमैया के मुताबिक, नोटिस जारी होने के बाद अब एक सप्ताह के भीतर मस्जिद के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. 

और पढ़ें

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30