उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की बातचीत में सीटों का मामला उलझता नजर आ रहा है। कांग्रेस ने सपा से 125 विधानसभा सीटों की मांग की है, जबकि सपा ने उसे सिर्फ 26 सीटों की लिस्ट सौंपी है। इस सूची में कांग्रेस की वे सीटें भी शामिल हैं, जहां पार्टी ने साल 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी या दूसरे नंबर पर रही थी। दोनों दलों के नेताओं के बीच सोमवार को भी बैठक हुई थी। अब मंगलवार को एक बार फिर सीटों के बंटवारे पर चर्चा हो रही है। सपा सांसद रामगोपाल यादव ने कहा कि कल जो कहना था, वह कह दिया था और कांग्रेस को 26 सीटें बता दी हैं, जहां से वह अपने उम्मीदवार उतार सकती है।

कांग्रेस को 26 सीटों की लिस्ट सौंपी

सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत में फिलहाल दोनों दलों के बीच सहमति नहीं बन पाई है। सपा ने कांग्रेस को उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से 26 सीटों की लिस्ट दी है। सपा नेता रामगोपाल यादव ने कहा कि बैठक में जो कहना था, वो कल कहा था। मैंने उनको 26 सीटें बता दी हैं, जहां से वो अपने उम्मीदवार उतार सकते हैं। आज फिर इस पर बात होगी। सपा नेता राजीव राय ने भी 26 सीटों की लिस्ट दिए जाने की बात कही। उन्होंने कहा कि 26 सीटों पर हम चर्चा करेंगे। हमने उनको एक लिस्ट सौंप दी है।

राजीव राय बोले- हर सीट पर अलग-अलग चर्चा करेंगे

सपा की ओर से गठबंधन पर बातचीत के लिए बनाई गई कमेटी में शामिल सांसद राजीव राय ने कहा कि दोनों दलों के बीच बातचीत लगातार जारी है। कांग्रेस की ओर से मिली सूची का अध्ययन करने के बाद सपा ने अपना प्रस्ताव भेज दिया है। उन्होंने कहा कि हम हर सीट पर अलग-अलग चर्चा करेंगे। स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। जो कल था, वही आज भी है। बात चुनाव जीतने की है।

अवधेश प्रसाद बोले- सीट बंटवारे पर कोई विवाद नहीं

सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने सीटों के बंटवारे को लेकर कहा कि इसी मुद्दे पर बैठक हो रही है। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे के लिए ही तो अभी बैठक हो रही है। हम भरोसे पर उतरने वाले लोग हैं। सीट-बंटवारे को लेकर कोई विवाद नहीं है। वहीं, कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सीटों की मांग को लेकर कहा कि मांगने और सहयोग में फर्क होता है। गठबंधन में मांगना नहीं होता है। आपसी सहयोग है।

कांग्रेस बोली- गठबंधन में सम्मानजनक समझौते की कोशिश

यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने सीटों के बंटवारे पर कहा कि पार्टी सम्मानजनक समझौते की कोशिश करेगी। उन्होंने कहा कि हम कोशिश करेंगे कि समझौता हो जाए और एक सम्मानजनक समझौता बने, यह हमारी कोशिश रहेगी। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी गठबंधन को लेकर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग अच्छे से हो जाएगी। INDIA गठबंधन मजबूत है। साल 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दलों ने मजबूती से लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने दावा किया कि 2027 में गठबंधन भाजपा को सत्ता से बाहर करेगा।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30