नेपाल में विनाशकारी बाढ़ के करीब तीन महीने बाद भारत ने पड़ोसी देश के पुनर्निर्माण के लिए बड़ा आर्थिक सहायता पैकेज घोषित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ बातचीत के बाद 1.62 अरब डॉलर यानी करीब 14 हजार करोड़ रुपये की मदद का ऐलान किया। भारत ने बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित नेपाल के पुनर्निर्माण और दीर्घकालिक विकास के लिए 1.62 अरब डॉलर यानी करीब 14 हजार करोड़ रुपये के आर्थिक सहायता पैकेज की घोषणा की है। यह भारत की ओर से नेपाल को दिए जाने वाले सबसे बड़े सहायता पैकेजों में से एक है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के बीच सोमवार को नई दिल्ली में हुई बातचीत के बाद इसका ऐलान किया गया। नेपाल के प्रधानमंत्री बनने के बाद बालेंद्र शाह की यह पहली द्विपक्षीय विदेश यात्रा है। मार्च में सत्ता संभालने के बाद वह दो दिवसीय दौरे पर भारत आए हैं। भारत और नेपाल के बीच यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब हिमालयी देश करीब तीन महीने पहले आई विनाशकारी बाढ़ से उबरने की कोशिश कर रहा है।
बाढ़ ने मचाई थी भारी तबाही
अगस्त में आई भीषण बाढ़ ने नेपाल में बड़े पैमाने पर तबाही मचाई थी। इस आपदा में करीब 1,500 लोगों की मौत हुई, जबकि 5,200 लोग लापता हो गए और उन्हें मृत मान लिया गया है। बाढ़ में सड़कें, पुल, स्कूल, घर और लोगों की आजीविका बुरी तरह प्रभावित हुई थी। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सितंबर में संयुक्त राष्ट्र महासभा को बताया था कि बाढ़ के बाद देश के पुनर्निर्माण की जरूरतें उसके सकल घरेलू उत्पाद के करीब 10 प्रतिशत के बराबर हैं। भारत और चीन के बीच स्थित नेपाल ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अनुदान आधारित सहायता की अपील की थी। भारत की ओर से घोषित 1.62 अरब डॉलर के पैकेज में दो प्रमुख हिस्से शामिल हैं।
377 मिलियन डॉलर का अनुदान आपदा के बाद पुनर्निर्माण और नई बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए और 1.24 अरब डॉलर की ऋण सुविधा ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए। दोनों देशों के संयुक्त बयान के मुताबिक, विकास सहायता के तहत विशिष्ट परियोजनाओं और मदद देने की प्रक्रिया को आपसी बातचीत के जरिए अंतिम रूप दिया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत के बाद कहा कि भारत का संकल्प प्रभावित परिवारों को दोबारा सामान्य जीवन की ओर लौटने में मदद करना, उनके लिए नए अवसर तैयार करना और भविष्य की आपदाओं से निपटने की नेपाल की क्षमता को मजबूत करना है।
बाढ़ से नेपाल का बिजली क्षेत्र भी हुआ था तबाह
अगस्त की बाढ़ ने नेपाल के जलविद्युत क्षेत्र को भी भारी नुकसान पहुंचाया था। एक दर्जन से अधिक बिजली परियोजनाएं प्रभावित हुई थीं और देश की करीब 10 प्रतिशत बिजली उत्पादन क्षमता नष्ट हो गई थी। इसके चलते नेपाल को बिजली निर्यात रोकना पड़ा और घरेलू जरूरतें पूरी करने के लिए भारत से बिजली लेनी पड़ी। ऐसे में भारत की ओर से ऊर्जा परियोजनाओं के लिए घोषित 1.24 अरब डॉलर की ऋण सुविधा नेपाल के बिजली क्षेत्र के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
बाढ़ के बाद सबसे पहले भारत ने दी थी मदद
भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से सांस्कृतिक, आर्थिक और जनस्तर पर मजबूत संबंध रहे हैं। दोनों देशों के बीच खुली सीमा है, जिसके कारण लाखों नेपाली नागरिक भारत में रहकर काम करते हैं। नेपाल का सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार होने के साथ भारत उसका प्रमुख द्विपक्षीय सहायता प्रदाता भी है। अगस्त की बाढ़ के बाद भारत ने सबसे पहले राहत सामग्री भेजी थी। भारतीय सहायता विमानों के जरिए कई खेपों में राहत सामग्री पहुंचाई गई और पहाड़ी इलाकों में बाधित संचार व्यवस्था बहाल करने में भी मदद की गई।
कई समझौतों पर हस्ताक्षर
मोदी और शाह की मुलाकात के दौरान दोनों देशों ने सहयोग बढ़ाने के लिए कई समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इनमें शिक्षा, अनुसंधान, उपग्रह संचार और टिकाऊ शहरी विकास से जुड़े क्षेत्र शामिल हैं। दोनों प्रधानमंत्रियों ने भारत और नेपाल को जोड़ने वाली एक रेल संपर्क परियोजना का संयुक्त रूप से उद्घाटन भी किया।नेपाल के प्रधानमंत्री शाह ने प्राकृतिक आपदाओं और कठिन परिस्थितियों में लगातार मदद के लिए भारत का आभार जताया। उन्होंने भारतीय निवेशकों और प्रधानमंत्री मोदी को नेपाल आने का निमंत्रण भी दिया। इस सहायता पैकेज के जरिए भारत ने नेपाल के पुनर्निर्माण, ऊर्जा और बुनियादी ढांचे में सहयोग बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई है। वहीं, चीन के साथ प्रभाव को लेकर प्रतिस्पर्धा के बीच यह दौरा भारत-नेपाल संबंधों के आर्थिक और कूटनीतिक महत्व को भी रेखांकित करता है।


















