टोक्यो/नई दिल्ली – प्रसिद्ध गणितज्ञ और शिक्षक पद्मश्री सम्मानित आनंद कुमार इन दिनों जापान की यात्रा पर हैं। सुपर 30 के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में पहचान बनाने वाले आनंद कुमार अब अपनी शैक्षणिक पहलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने की दिशा में प्रयासरत हैं। जापान पहुंचने पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जापान सरकार के साकुरा साइंस प्रोग्राम के सलाहकार युजी निशिकावा ने उनसे मुलाकात कर उनका स्वागत किया।
आनंद कुमार ने सोशल मीडिया पर इस मुलाकात का अनुभव साझा करते हुए बताया कि जापान पहुंचते ही युजी निशिकावा ने उनका बेहद आत्मीयता और गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने इस मुलाकात को अपने जापान दौरे की खूबसूरत और यादगार शुरुआत बताया।
शिक्षा और विज्ञान में सहयोग पर जोर
यह मुलाकात भारत और जापान के बीच शिक्षा, विज्ञान तथा आपसी समझ को बढ़ावा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। साकुरा साइंस प्रोग्राम के माध्यम से जापान में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित किया जाता है।
आनंद कुमार की इस यात्रा का उद्देश्य सुपर 30 और सुपर इनफिनिटी जैसी पहलों के जरिए युवाओं को बेहतर शैक्षणिक अवसरों से जोड़ना और उन्हें अपनी क्षमता पहचानने के लिए प्रेरित करना है। उनकी कोशिश है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंचे।
जापान दौरे से दोनों देशों के शिक्षकों, शैक्षणिक संस्थानों और विद्यार्थियों के बीच संवाद तथा ज्ञान के आदान-प्रदान के नए रास्ते खुलने की उम्मीद है।


















