तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के कार्यालय को राजधानी के लुटियंस जोन में सरकारी बंगला दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक यह आवास पंडित रविशंकर शुक्ल लेन पर है। हालांकि, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने इस बारे में अब तक कुछ नहीं कहा है।

ट्रस्ट के नाम पर हुआ आवंटन

सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि बंगला सीधे दलाई लामा के नाम पर नहीं, बल्कि उनके कार्यालय गदेन फोड्रंग ट्रस्ट को दिया गया है। यह फैसला विदेश मंत्रालय के अनुरोध के बाद लिया गया। इस तरह के सरकारी आवास आमतौर पर तीन साल के लिए ट्रांसफर किए जाते हैं। जरूरत हो तो इस अवधि को आगे बढ़ाया भी जा सकता है। फिलहाल यह साफ नहीं है कि इस मामले में कितनी अवधि तय की गई है।

आधिकारिक पुष्टि का इंतज़ार

पूरी जानकारी सूत्रों के हवाले से सामने आई है। आवास मंत्रालय की ओर से न तो आवंटन की पुष्टि हुई है और न ही बंगले के नंबर या शर्तों की जानकारी दी गई है।

क्या है गदेन फोड्रंग ट्रस्ट?

गदेन फोड्रंग की वेबसाइट के मुताबिक, यह ट्रस्ट दलाई लामा की संस्था और उनके आध्यात्मिक कार्यों को सहेजने और आगे बढ़ाने के लिए काम करता है। साथ ही वह उनके मानवीय दृष्टिकोण को बढ़ावा देने का भी काम करता है। वेबसाइट में बताया गया है कि ट्रस्ट दलाई लामा की कुछ प्रमुख प्रतिबद्धताओं को भी समर्थन देता है। इनमें मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देना, अलग-अलग धर्मों के बीच सौहार्द बढ़ाना, तिब्बती संस्कृति और पहचान को बचाना, पर्यावरण की रक्षा करना और प्राचीन भारतीय ज्ञान की गहरी समझ को प्रोत्साहित करना शामिल है।

1959 से भारत में है ठिकाना

दलाई लामा 1959 में तिब्बत पर चीन के कब्ज़े और तिब्बती विद्रोह को कुचले जाने के दौर में हिमालय के बर्फीले रास्तों से होते हुए भारत पहुंचे थे। यहां उन्हें शरण मिली। तब से वे हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला (मैक्लॉडगंज) में रहते हैं, जिसे “छोटा ल्हासा” भी कहा जाता है। आधिकारिक कामकाज के लिए नई दिल्ली में भी उनका कार्यालय है। अहिंसा और विश्व शांति के लिए उन्हें 1989 में नोबेल शांति पुरस्कार मिला। 2011 में उन्होंने अपनी राजनीतिक शक्तियां तिब्बत की निर्वासित सरकार को सौंप दीं। इसके बाद से वे पूरी तरह आध्यात्मिक गुरु की भूमिका में हैं।

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30