मोगा, पंजाब के मोगा में आम आदमी पार्टी की रैली से पहले एक बड़ा हादसा हो गया। रैली के लिए की जा रही तैयारियों के दौरान अचानक कॉफी मशीन फट गई। इस हादसे में मशीन का एक टुकड़ा वहां काम कर रहे एक व्यक्ति के सिर पर जा लगा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, मशीन में अधिक दबाव बनने के कारण अचानक जोरदार धमाका हुआ। मशीन का एक हिस्सा टूटकर वहां काम कर रहे मजदूर के सिर पर लगा। चोट इतनी गंभीर थी कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी की पंजाब सरकार की ओर से आज मोगा में स्मार्ट राशन कार्ड वितरित करने के लिए एक बड़े राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। आज पार्टी का स्थापना दिवस भी है। इस कार्यक्रम के जरिए आम आदमी पार्टी आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने चुनावी अभियान की शुरुआत करने जा रही है।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भगवंत मान, उनकी पूरी कैबिनेट, विधायकों के अलावा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया सहित पार्टी की पूरी लीडरशिप के शामिल होने की संभावना है। हादसे की खबर से कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों में चिंता का माहौल बन गया। फिलहाल मृतक की पहचान और हादसे से संबंधित अन्य विवरण सामने आना बाकी हैं।


















