JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल खियांगते को झारखंड हाईकोर्ट से जमानत नहीं मिली. सुनवाई के दौरान गुरुवार को अदालत ने सरकार की कार्यशैली पर नाराजगी जताई. अदालत ने 9 दिसंबर तक जवाब मांगा है.
Jharkhand High Court: झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एल खियांगते की जमानत याचिका पर झारखंड हाइकोर्ट में सुनवाई हुई. जस्टिस अनुभा रावत चौधरी की अदालत ने मामले की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जतायी. अदालत ने इस बात पर आपत्ति जतायी कि बिना अदालत के निर्देश के ही राज्य सरकार की ओर से काउंटर एफिडेविट दाखिल कर दिया गया. अदालत ने कहा कि न केवल बिना मांगे जवाब दाखिल किया गया, बल्कि उसमें दी गयी जानकारी भी संतोषजनक नहीं है.

जवाब दाखिल करने में इतनी तेजी क्यों?

सुनवाई के दौरान अदालत ने सरकारी वकील से यह जानना चाहा कि इस मामले में राज्य सरकार की ओर से इतनी तेजी क्यों दिखाई गयी. अदालत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि आमतौर पर दूसरे मामलों में अदालत के निर्देश के बाद ही राज्य सरकार की ओर से जवाब दाखिल किया जाता है. ऐसे में इस मामले में बिना निर्देश के ही काउंटर एफिडेविट दाखिल करने की जरूरत क्यों पड़ी. अदालत ने दाखिल जवाब की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाये.

वरीय अधिवक्ता अनिल कुमार ने की पैरवी

याचिकाकर्ता एल खियांगते की ओर से वरीय अधिवक्ता अनिल कुमार ने अदालत में पक्ष रखा. उन्होंने पूर्व जेपीएससी अध्यक्ष को जमानत देने का आग्रह किया. अपनी दलीलों के समर्थन में उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के कई फैसलों का हवाला भी दिया. उन्होंने अदालत के समक्ष विभिन्न कानूनी बिंदुओं को रखते हुए जमानत दिये जाने का अनुरोध किया. सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता और राज्य सरकार, दोनों पक्षों की दलीलें सुनी गयीं. राज्य सरकार की ओर से दाखिल काउंटर एफिडेविट को लेकर अदालत की नाराजगी भी सुनवाई का अहम पहलू रही. अदालत ने स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ता की ओर से जमानत के पक्ष में जो विभिन्न बिंदु उठाये गये हैं, उन पर राज्य सरकार को अपना स्पष्ट पक्ष रखना होगा.

नौ दिसंबर तक जवाब दाखिल करने का निर्देश

दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने राज्य सरकार को याचिकाकर्ता की ओर से उठाये गये विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया. इसके लिए सरकार को नौ दिसंबर तक का समय दिया गया है. अदालत ने मामले में आगे की सुनवाई के लिए 16 दिसंबर की तारीख निर्धारित की है. अब अगली सुनवाई में राज्य सरकार की ओर से दाखिल किये जाने वाले जवाब पर अदालत में चर्चा होगी. साथ ही याचिकाकर्ता की ओर से जमानत के समर्थन में रखे गये कानूनी तर्कों और सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के आलोक में मामले पर आगे सुनवाई होगी. एल खियांगते की जमानत याचिका पर हाईकोर्ट के अगले आदेश पर सबकी नजर रहेगी.

Advertisement Carousel
Share.

chhattisgarhrajya.com

ADDRESS : GAYTRI NAGAR, NEAR ASHIRWAD HOSPITAL, DANGANIYA, RAIPUR (CG)
 
MOBILE : +91-9826237000
EMAIL : info@chhattisgarhrajya.com
November 2026
M T W T F S S
 1
2345678
9101112131415
16171819202122
23242526272829
30